Darbhanga CM Yogi addresses public meeting: दरभंगा में CM योगी ने जनसभा में विपक्ष पर साधा निशाना
दरभंगा के केवटी में सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनडीए प्रत्याशी मुरारी मोहन झा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने महात्मा गांधी के तीन बंदरों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर कटाक्ष किया।
योगी ने कहा, “आपने महात्मा गांधी के तीन बंदरों के बारे में सुना होगा, जिन्होंने सिखाया था – बुरा मत देखो, बुरा मत सुनो, बुरा मत बोलो। लेकिन आज इंडी गठबंधन के तीन नए बंदर सामने आए हैं – ‘पप्पू, टप्पू और अप्पू’। ‘पप्पू’ न तो सच बोल सकता है और न ही कुछ अच्छा कह सकता है, ‘टप्पू’ कुछ अच्छा देख नहीं सकता, जबकि ‘अप्पू’ सच सुन नहीं सकता।”
उन्होंने कहा कि ये तीनों लोग एनडीए सरकार के विकास कार्यों को न देख सकते हैं, न सुन सकते हैं और न उस पर कुछ अच्छा बोल सकते हैं। इसलिए वे झूठ और भ्रम फैलाने में लगे रहते हैं। योगी ने कहा, “ये वही लोग हैं जो हमेशा भारत की छवि खराब करते हैं, देश की प्रगति को नकारते हैं और गरीबों के अधिकारों पर चोट करते हैं।”
अपने भाषण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एनडीए सरकार के तहत आज गरीबों को मुफ्त राशन मिल रहा है, आयुष्मान भारत योजना के जरिए हर गरीब का इलाज मुफ्त में हो रहा है और केंद्र सरकार ने पारदर्शिता से योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के शासन में गरीबों के नाम पर जो पैसा आता था, वह बिचौलियों और भ्रष्टाचारियों के पास चला जाता था। आज पीएम मोदी की सरकार में वह पैसा सीधे गरीबों के खाते में पहुंच रहा है।”
योगी ने अपने भाषण में विपक्ष पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “राजद, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी तीनों घोर हिंदू द्रोही हैं। कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर कहा था कि भगवान राम थे ही नहीं, सपा ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई थीं और आरजेडी ने रामरथ को रोकने का काम किया था। ये तीनों दल हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ करते रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश का संबंध सिर्फ भौगोलिक नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक है। योगी बोले, “अयोध्या से दरभंगा आने में पहले 16 घंटे लगते थे, लेकिन अब लखनऊ से सिर्फ 45 मिनट में पहुंचा जा सकता है। राम-जानकी मार्ग का निर्माण तेजी से हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने मिथिला की अस्मिता को सम्मान देने के लिए मखाना बोर्ड बनाया है। लाख की चूड़ियों को भी नई पहचान मिल रही है। सड़क, रेल और हवाई मार्ग से यूपी, बिहार और बंगाल एक-दूसरे से मजबूती से जुड़ रहे हैं।”
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण में पांच साल पहले किए गए वादे की याद भी दिलाई। उन्होंने कहा, “मैं जब पिछली बार मुरारी मोहन झा के समर्थन में यहां आया था, तब कहा था कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनेगा। आज रामलला भव्य मंदिर में विराजमान हैं। अब हमारा लक्ष्य है कि मिथिला की धरती पर मां जानकी का भव्य मंदिर बने। सीतामढ़ी में यह सपना साकार होगा। जब अच्छी सरकार चुनी जाती है तो आस्था का सम्मान भी होता है और विकास का मार्ग भी खुलता है।”
योगी ने अपने भाषण में कश्मीर मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “आज सुबह मैं अखबार पढ़ रहा था, उसमें खबर थी कि एक फिल्म अभिनेता 27 साल बाद कश्मीर गया। सवाल यह है कि ऐसी नौबत क्यों आई कि कश्मीर हिंदू-विहीन हो गया? किसने कश्मीरी हिंदुओं को विस्थापित किया? यह पाप कांग्रेस ने किया था। कांग्रेस की नीतियों ने वहां के हिंदुओं को बेघर कर दिया, जबकि आज प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने धारा 370 हटाकर कश्मीर को आतंकवाद से मुक्त किया है।”
योगी ने कहा कि अब कश्मीर में शांति और विकास की बयार बह रही है, आतंकवादियों को बाहर किया जा चुका है और देश के हर हिस्से में भारतीय तिरंगा लहराता है। उन्होंने कहा, “27 साल बाद जब कोई कश्मीरी हिंदू या कलाकार घाटी में जा पाता है, तो यह मोदी सरकार की उपलब्धि है, जिसने कश्मीर को पुनः भारत की मुख्यधारा से जोड़ा है।”
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष के नेताओं पर भारत को विदेशों में बदनाम करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि खराब करते हैं। ये लोग भारत की प्रगति और एनडीए सरकार के काम को देख नहीं पाते, इसलिए गलत सूचना और अफवाहें फैलाते हैं। बिहार में जब आरजेडी की सरकार थी, तब 70 से ज्यादा नरसंहार हुए थे, जातीय दंगे भड़के थे और त्योहारों पर प्रतिबंध जैसा माहौल था। आज डबल इंजन की सरकार में विकास, सुरक्षा और रोजगार का माहौल है।”
योगी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार और यूपी के रिश्तों को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा, “बंटेंगे तो कटेंगे। हम बंटेंगे नहीं और कटेंगे भी नहीं। बिहार को समृद्ध बनाएंगे। राम और जानकी की धरती को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और…
टी20 विश्वकप 2026 के दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला…
चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का…
Sukhoi Su-30MKI लड़ाकू विमान असम के Karbi Anglong जिले में बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया,…
अमेरिका, इजरायल और ईरान जंग के बीच दुनियाभर में तेल संकट की स्थिति पैदा हो…
आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड के…