काशी में कांवड़ियों पर हुआ हमला
वाराणसी जिले के राजातालाब थाना क्षेत्र में सावन के तीसरे सोमवार को कांवड़ यात्रा के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। अदलपुरा से जल लेकर जंसा शिव मंदिर जा रहे कांवड़ियों पर कुछ मुस्लिम युवकों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। घटना में एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा किसी तरह जान बचाकर भागा। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज करते हुए, छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना सोमवार शाम करीब पांच बजे की है, जब बडैनीकला निवासी पल्टू यादव और उनका मित्र शुभम यादव कांवड़ लेकर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे लगाते हुए, जंसा मार्ग की ओर बढ़ रहे थे। जैसे ही वे राजातालाब के रेलवे फाटक के पास पहुंचे, वहां मौजूद 10-12 मुस्लिम युवकों ने उन्हें रोक लिया। पल्टू यादव का आरोप है कि, युवकों ने उन्हें धार्मिक नारे लगाने से रोका और कहा कि “हर-हर महादेव” और “बोल बम” जैसे नारे तुम्हारे लिए नहीं हैं, “अल्लाह हू अकबर” बोलो और इस्लाम धर्म अपनाओ।
पल्टू ने बताया कि, शुरू में उन्होंने इसे मजाक समझकर नजरअंदाज किया और आगे बढ़ने लगे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें फिर रोका और हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो अचानक एक युवक ने धारदार हथियार से पल्टू के सिर पर वार कर दिया, जिससे वो लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शुभम शोर मचाते हुए भागने लगा, लेकिन उसे सड़क और गलियों में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।
पल्टू ने आगे बताया कि मस्जिद के सामने मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी उन्हें घेर लिया और दोनों कांवड़ियों की बेरहमी से पिटाई की। घटना के दौरान किसी तरह वहां मौजूद अन्य कांवड़ियों ने हस्तक्षेप कर दोनों की जान बचाई। घायलों को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया गया। इस हमले की खबर फैलते ही कांवड़ियों में भारी आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही राजातालाब थाने की पुलिस, एसओ, एसीपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। कांवड़ियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया और जब तक गिरफ्तारी नहीं हुई, हटने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने पल्टू यादव की तहरीर पर 12 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया, जिसमें मारपीट, जानलेवा हमला, धार्मिक भावनाओं को आहत करना, जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना और धमकी देना शामिल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुनव्वर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में रातभर दबिश दी गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए राजातालाब और जंसा मार्ग को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया। कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। इसी बीच विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष राजेश पांडे और मंत्री पवन पाठक मौके पर पहुंचे। राजेश पांडे अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर आरोपियों के घर की ओर जाने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोका तो उनके साथ धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस ने उनकी बंदूक जब्त कर उन्हें हिरासत में ले लिया।
घटना के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी थाने में जुट गए और देर रात तक विरोध जताते रहे। इस पूरे मामले को लेकर सियासत भी शुरू हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने X पर पोस्ट कर योगी सरकार और बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने लिखा कि, “काशी में कांवड़ियों को पीटा गया। वो भी उस शासन में, जो खुद को सनातन रक्षक कहता है। मुख्यमंत्री जी पूरी कैबिनेट के साथ प्रधानमंत्री के स्वागत में लगे हैं और ज़मीन पर सनातन भक्तों को अपमानित किया जा रहा है।”
घटना ने पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव बढ़ा दिया है। हालांकि प्रशासन की ओर से लगातार शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। डीसीपी आकाश पटेल ने कहा कि, कानून अपने हिसाब से काम कर रहा है, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने ये भी स्पष्ट किया कि, जो भी कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। प्रशासन ने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
टी20 विश्वकप 2026 के दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला…
चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का…
Sukhoi Su-30MKI लड़ाकू विमान असम के Karbi Anglong जिले में बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया,…
अमेरिका, इजरायल और ईरान जंग के बीच दुनियाभर में तेल संकट की स्थिति पैदा हो…
आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड के…
Iran-US-Israel जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने एक बड़ा ऐलान किया है।…