RAJASTHAN: पंचायत और निकाय चुनाव से पहले सियासी जमीन मजबूत करने में जुटी BJP!
राजस्थान में पंचायत और नगर निकाय चुनावों से पहले BJP ने अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए रणनीतिक तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को सीकर ज़िले के 117 पार्टी पदाधिकारियों के साथ संवाद किया… ये बैठक न केवल चुनावी तैयारी का हिस्सा है बल्कि संगठनात्मक एकजुटता और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा का मंच भी बनेगी। इस संवाद में मौजूदा जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कमल सिखवाल, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, मंडल अध्यक्ष और मोर्चा जिलाध्यक्ष शामिल रहे। मुख्यमंत्री पहले भी आठों विधानसभा क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। इन बैठकों का उद्देश्य है…“ग्रासरूट तक संगठन की पकड़ को मजबूत बनाना और स्थानीय मुद्दों का सीधा आकलन करना।”
बैठक में कई स्थानीय मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। जिनमें सबसे अहम है नानी बीड़ पानी निकासी परियोजना। ये शिक्षानगरी की पुरानी समस्या है, जिसकी घोषणा पहले विधानसभा में की जा चुकी है, लेकिन काम अभी तक शुरू नहीं हुआ। पार्टी पदाधिकारी चाहते हैं कि चुनावों से पहले इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी जाए ताकि स्थानीय मतदाताओं के बीच एक सकारात्मक संदेश जा सके।
इसी तरह “नहरी पानी” का मुद्दा भी चर्चा में है। यमुना जल समझौते के बावजूद डीपीआर को मंजूरी न मिलने से ये विषय राजनीतिक गर्माहट बनाए हुए है। स्थानीय नेता इस पर मुख्यमंत्री से ठोस आश्वासन चाहते हैं ताकि क्षेत्रीय जल संकट का स्थायी समाधान निकल सके।
सीकर संभाग और नगर निगम गठन का विषय भी इस बैठक के एजेंडे में है। पूर्ववर्ती सरकार में सीकर को संभाग और नीमकाथाना को जिला घोषित किया गया था, लेकिन नई सरकार की समीक्षा के बाद ये फैसला रद्द कर दिया गया। अब पार्टी पदाधिकारी सीकर को नगर निगम का दर्जा दिलाने की मांग फिर से उठाने की तैयारी में हैं, ताकि क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिल सके।
बैठक का एक बड़ा उद्देश्य आगामी चुनावों के लिए संगठनात्मक एकजुटता बढ़ाना रहा… मुख्यमंत्री पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के माध्यम से ये संदेश दिया कि, चुनाव केवल नेतृत्व नहीं, बल्कि टीमवर्क की परीक्षा भी हैं। चर्चा में ये भी संभावना है कि, टिकट वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी रखी जाए और स्थानीय कार्यकर्ताओं के फीडबैक को प्राथमिकता दी जाए।
इसके अलावा, कई मंडलों द्वारा किए गए नवाचार और योजनाओं को प्रशासन तक पहुंचाने पर भी बात हुई। इससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को “ग्रासरूट स्तर” तक लागू करने में तेजी आएगी। सूत्रों के अनुसार, इस संगठनात्मक बैठक में पिछले दस वर्षों में सेवा देने वाले सभी जिलाध्यक्षों को नहीं बुलाया गया । केवल पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कमल सिखवाल को आमंत्रण मिला है। कई पदाधिकारियों का मानना है कि अगर पिछले जिलाध्यक्षों को भी बैठक में शामिल किया जाता, तो जिले के विकासात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा संभव हो पाती।
बीजेपी की इस पहल का अगला चरण रविवार को पूरा होगा, जब मुख्यमंत्री कार्यालय में नौ जनप्रतिनिधियों को दोपहर 12:30 बजे बुलाया गया है। माना जा रहा है कि संगठन से मिले फीडबैक के आधार पर इन निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की जाएगी। इससे पार्टी न केवल संगठनात्मक मजबूती को परखेगी, बल्कि आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए ठोस रणनीति भी तैयार करेगी।
राजस्थान की राजनीति में ये सीकर बैठक भाजपा के लिए दिशा तय करने वाली साबित हो सकती है… जहां संगठन की नब्ज समझने के साथ-साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपनी “संवाद-आधारित राजनीति” की छवि और मजबूत करेंगे।
आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड के…
Iran-US-Israel जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने एक बड़ा ऐलान किया है।…
बिहार की राजनीति में नया खेला शुरू हो गया है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार…
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गियों में भीषण आग लग गई।…
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल आने का…
HARYANA BUDGET 2026: जानिए किसको क्या मिला ? हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने…