उत्तर प्रदेश

Maharishi Valmiki Jayanti: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बोले CM योगी आदित्यनाथ, “श्री राम का विरोध यानी महर्षि वाल्मीकि का अपमान”, “SP ने उठाया था श्री राम-श्री कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल”

Maharishi Valmiki Jayanti: महर्षि वाल्मीकि जयंती पर बोले CM योगी आदित्यनाथ

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में महर्षि वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार ने हमेशा दलितों, विशेषकर वाल्मीकि समाज के महापुरुषों और उनकी विरासत को मिटाने का प्रयास किया। सीएम योगी ने कहा, “जो लोग वोट बैंक की राजनीति करते हैं, वे खुद को सामाजिक न्याय का पुरोधा बताने का ढोंग करते हैं। सपा सरकार में इन महापुरुषों की मूर्तियों और स्मारकों को हटाने की कोशिश की गई थी। भाजपा के विरोध के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा।”

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये वही लोग हैं जो कहते हैं कि भगवान राम और श्रीकृष्ण का कोई अस्तित्व नहीं था। उन्होंने कहा, “राम का विरोध करना, वाल्मीकि का विरोध करने जैसा है, क्योंकि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण की रचना कर राम के जीवन को समाज के सामने रखा।”

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने वाल्मीकि समाज को प्राथमिकता दी है। पहले जहां सफाई कर्मियों को केवल चार हजार रुपए मानदेय मिलता था, वहीं अब उनकी सैलरी नियमित रूप से सीधे बैंक खातों में भेजी जा रही है। इसके साथ ही हर सफाई कर्मी को पांच लाख रुपए का बीमा कवर दिया जाएगा। सीवर की सफाई अब मशीनों से की जाएगी, और यदि कोई हादसा होता है तो पीड़ित के परिवार को 35 से 40 लाख रुपए तक मुआवजा मिलेगा।

योगी ने सफाई कर्मियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह मां अपने बच्चे की गंदगी साफ करती है, उसी तरह वाल्मीकि समाज समाज की सफाई कर मातृत्व की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से अपने बच्चों को शिक्षित करने की अपील की और कहा कि शिक्षा ही उन्हें आगे ले जाएगी।

मुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को आज के समाज के लिए प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा, “महर्षि वाल्मीकि भारत के उन महापुरुषों में हैं, जिन्होंने न केवल समाज बल्कि राष्ट्र का भाग्य लिखा। जब उन्होंने रामायण की रचना शुरू की तो उन्होंने देवर्षि नारद से पूछा कि कौन ऐसा चरित्रवान व्यक्ति है, जिसके जीवन पर मैं लिखूं। इस प्रश्न की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।”

योगी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम का चरित्र आज भी जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि अब हर साल भव्य रूप से वाल्मीकि जयंती मनाई जाएगी और हर मंदिर में अखंड रामायण का पाठ किया जाएगा। उन्होंने अपील की कि हर भारतीय के घर में महर्षि वाल्मीकि का चित्र होना चाहिए। उन्होंने बताया कि अयोध्या में देश का पहला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भगवान वाल्मीकि के नाम पर बनाया गया है और सप्त ऋषियों में महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा भी शामिल की गई है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा और कांग्रेस के शासन में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए। उन्होंने योगी सरकार को वंचितों की सरकार बताया और कहा कि अब कोई गुंडा असलहा लेकर खुलेआम नहीं घूम सकता। पीएम मोदी के नेतृत्व में हर घर शौचालय बनवाकर सिर पर मैला ढोने की परंपरा समाप्त की गई।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से समाज को धर्म, करुणा और न्याय से जोड़ा। आज वही मूल्य योगी और मोदी सरकार आगे बढ़ा रही है। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में दलित महापुरुषों के नाम तक मिटा दिए गए और अब वही लोग भाजपा को नैतिकता का पाठ पढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

भाजपा सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने यूपी सरकार की उस योजना का ज़िक्र किया जिसमें सीवर हादसे में जान गंवाने पर 30 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाता है। उन्होंने अयोध्या एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने और वाल्मीकि जयंती पर पहली बार अवकाश घोषित करने के लिए योगी सरकार का धन्यवाद किया।

राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मी समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और अब उन्हें 16 से 20 हजार रुपये तक मानदेय दिया जाएगा। उन्होंने याद दिलाया कि जब वे लखनऊ के महापौर थे, तब परिवर्तन चौक पर वाल्मीकि प्रेरणा स्थल का निर्माण कराया गया था।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि चित्रकूट समेत पूरे प्रदेश में वाल्मीकि आस्था केंद्रों को विकसित किया जा रहा है और अब हर मंदिर में रामायण पाठ का आयोजन नियमित रूप से हो रहा है।
इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि के जीवन से जुड़ी स्थलों पर हुए विकास कार्यों पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंटरी भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम में सांसद बृजलाल, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, मुकेश शर्मा, रामचंद्र महंत, ओपी श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Kirti Bhardwaj

Recent Posts

ओडिशा के विकास को मिलेगी नई गति, 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य: अमित शाह

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और…

15 hours ago

सेमीफाइनल में मिली जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने किया बड़ा खुलासा

टी20 विश्वकप 2026 के दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला…

1 day ago

चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, आज से शुरू हुआ रजिस्ट्रेशन

चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का…

1 day ago

असम: फाइटर जेट सुखोई हुआ क्रैश, IAF के 2 पायलट शहीद

Sukhoi Su-30MKI लड़ाकू विमान असम के Karbi Anglong जिले में बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया,…

1 day ago

30 दिन तक रूस से कच्चा तेल खरीद सकेगा भारत, अमेरिका ने दी अस्थायी छूट

अमेरिका, इजरायल और ईरान जंग के बीच दुनियाभर में तेल संकट की स्थिति पैदा हो…

1 day ago

भारत को ये मास्टर प्लान दिलवा सकता है फाइनल का टिकट ? इस एक खिलाड़ी को है रोकना

आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड के…

2 days ago