THUMB 4 2

channel4news logoCHANNEL4 NEWS INDIA


पंजाब के लोगों के लिए खुशखबरी है। अब किसी भी बीमारी के इलाज के लिए 10 लाख रुपए तक का खर्च सरकार उठाएगी। मंगलवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मिलकर ‘मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना’ लॉन्च की। इस योजना के तहत पंजाब का हर नागरिक सेहत कार्ड बनवाकर सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज करा सकेगा। कार्ड बनने की प्रक्रिया 2 अक्टूबर से शुरू होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब लोगों को नीले-पीले कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी, बस आधार या वोटर कार्ड दिखाइए और सेहत कार्ड बनवाकर इलाज पाइए। चाहे किसान हो, मजदूर, सरकारी कर्मचारी या पेंशनर – सभी को इसका लाभ मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के सभी सरकारी और 2000 से ज्यादा प्राइवेट अस्पतालों को इस योजना से जोड़ा जाए। इस कार्ड से हर गंभीर बीमारी का इलाज मुफ्त होगा।

आम आदमी पार्टी राष्ट्र निर्माण का काम कर रही है: केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी राष्ट्र निर्माण का काम कर रही है। तीन साल में उनकी सरकार ने पंजाब को शिक्षा में देशभर में पहले नंबर पर पहुंचाया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और अकाली दल ने कभी ऐसा काम नहीं किया, जबकि हम मोहल्ला क्लीनिक से लेकर मेडिकल सुविधाएं जनता तक पहुंचा रहे हैं। केजरीवाल ने बताया कि इलाज पूरी तरह कैशलेस होगा। मरीज को किसी तरह का बिल या कागजी झंझट नहीं झेलना पड़ेगा। बस अस्पताल जाइए, आधार या वोटर कार्ड दिखाइए और इलाज कराइए। हर व्यक्ति या परिवार को अलग से एक कार्ड मिलेगा, जिससे सारी सुविधाएं मिलेंगी। अब तक पंजाब में 800 मोहल्ला क्लीनिक बन चुके हैं और 200 और जल्द तैयार होंगे।

‘अब इलाज के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं’

सेहत मंत्री बलबीर सिंह ने कहा कि यह योजना पंजाब के लिए एक वरदान साबित होगी। लोगों को अब इलाज के लिए कर्ज या जमीन बेचने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भगवंत मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने रंगले पंजाब को नशे का गढ़ बना दिया था, लेकिन अब हमने नशे के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया है और यह लड़ाई हम जीतकर रहेंगे। उन्होंने साफ कहा कि अब कानून अपना काम करेगा और जिसने पंजाब के घरों में अंधेरा फैलाया, उसे सजा मिलेगी। यह योजना आयुष्मान भारत और पहले से चल रही ‘मुख्यमंत्री सरबत सेहत बीमा योजना’ से एक कदम आगे है। अब पंजाब का हर निवासी बिना किसी आय वर्ग या सीमा के इस सुविधा का लाभ ले सकेगा। आम आदमी पार्टी के इस मॉडल की चर्चा अब न्यूयॉर्क जैसे शहरों में भी हो रही है। साफ है कि अब पंजाब में इलाज को लेकर न कोई डर रहेगा, न कोई खर्च – सेहत कार्ड से होगा हर पंजाबी का इलाज।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed