छात्रसंघ चुनाव और वोटर लिस्ट पर छिड़ा विवाद
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने छात्रसंघ चुनाव, वोटर लिस्ट रिव्यू और पंचायती चुनाव को लेकर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। रविवार को जोधपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जो लोग आज संविधान और लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, उन्होंने सत्ता में रहते हुए इन्हीं संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं का दुरुपयोग किया।
छात्रसंघ चुनाव को लेकर कांग्रेस द्वारा की जा रही मांग पर पलटवार करते हुए शेखावत ने पूछा, “वर्ष 2023 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले छात्रसंघ चुनावों को किसने रोका था? हार की आशंका में लोकतंत्र को कुचलने का पाप किसका था? आज वही लोग साधु बनने का दिखावा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा अपनी सुविधा और सत्ता की जरूरत के अनुसार कानून और नियमों की व्याख्या करती रही है। “जब सत्ता में होते हैं, तो उन्हें संविधान और नियमों की परवाह नहीं होती, लेकिन सत्ता से बाहर होते ही उन्हें कानून की याद आ जाती है,” शेखावत ने तंज कसा।
शेखावत ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के एक ट्वीट का उल्लेख करते हुए कहा कि गहलोत ने लिखा था कि पंचायती राज और नगर निकाय चुनाव हर पांच साल में होना चाहिए, जो कि संविधान में स्पष्ट व्यवस्था है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने सवाल उठाया कि, “क्या यही कांग्रेस नहीं थी, जिसने 13 वर्षों तक पंचायती राज चुनाव नहीं कराए? तब संविधान की याद क्यों नहीं आई?”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि जोधपुर नगर निगम के चुनाव, जो वर्ष 2019 में होने चाहिए थे, वे 2021 में कराए गए। “क्या तब नियमों का उल्लंघन नहीं हुआ? यह दोहरा मापदंड नहीं है तो और क्या है?”
बिहार में चल रहे वोटर लिस्ट वैरिफिकेशन और उसमें कथित विदेशी नागरिकों की मौजूदगी पर मचे राजनीतिक घमासान पर भी शेखावत ने अपनी बात स्पष्ट तौर पर रखी। उन्होंने कहा कि यह चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व है कि वह मतदाता सूची की समीक्षा करे और चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करे।
शेखावत ने कटाक्ष करते हुए कहा, “जब सुप्रीम कोर्ट ने भी वोटर लिस्ट पुनरीक्षण को जायज़ ठहराया, तो अब कुछ लोगों के पेट में दर्द क्यों हो रहा है? इस पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव आयोग पर सवाल उठाकर कुछ राजनीतिक दल लोकतंत्र को ही कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के झूठ और भ्रम फैलाने के प्रयासों का मुकाबला पूरे तथ्यों और गंभीरता के साथ करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार के कामकाज और नीतियों को गहराई से समझें और समाज के हर कोने तक सही जानकारी पहुँचाएं, चाहे वह सोशल मीडिया हो, चौराहा हो या आम सभा।
शेखावत ने जोधपुर की जलापूर्ति से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट ‘थर्ड फेस ऑफ कैनाल’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्य अभी तय समय से पीछे चल रहा है, लेकिन ताज़ा समीक्षा के अनुसार यह दिसंबर 2025 तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि यह देरी चिंता का विषय है, क्योंकि जोधपुर की जल समस्या का प्रमुख समाधान इसी योजना से जुड़ा हुआ है।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा न सिर्फ विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के आधार पर जवाब देगी, बल्कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को भी बनाए रखेगी। उन्होंने कांग्रेस को दोहरे मापदंड अपनाने वाला दल बताते हुए कहा कि जिनके खुद के रिकॉर्ड संविधान और लोकतंत्र के विरुद्ध रहे हों, उन्हें दूसरों पर उंगली उठाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए।
छात्रसंघ चुनाव, पंचायती राज चुनाव और वोटर लिस्ट की समीक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दों को लेकर राजस्थान और बिहार की राजनीति गरमाई हुई है। ऐसे में गजेंद्र सिंह शेखावत के यह बयान आने वाले दिनों में राजनीतिक बहस को और तेज कर सकते हैं।
टी20 विश्वकप 2026 के दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला…
चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का…
Sukhoi Su-30MKI लड़ाकू विमान असम के Karbi Anglong जिले में बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया,…
अमेरिका, इजरायल और ईरान जंग के बीच दुनियाभर में तेल संकट की स्थिति पैदा हो…
आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड के…
Iran-US-Israel जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने एक बड़ा ऐलान किया है।…