Categories: देश

सोनिया गांधी की किताब से पंजाब कांग्रेस में बढ़ेगी मुश्किल? ब्लू स्टार से 1984 दंगों तक चर्चा

नई दिल्ली

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग्स: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) मंगलवार यानी 10 नवंबर को जारी हुई. किताब के सामने आते ही देश की राजनीति में नया विवाद शुरू हो गया है. इसकी वजह 1975 का आपातकाल, ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े वे प्रसंग हैं, जिनका जिक्र सोनिया गांधी ने अपनी किताब में किया है. भाजपा और अकाली दल ने इन अंशों को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला है. दिलचस्प बात यह है कि अगले साल के शुरू में पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सोनिया गांधी की आत्मकथा कांग्रेस के लिए पंजाब में नई राजनीतिक मुश्किलें खड़ी कर सकती है?

ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1984 के दंगे
पंजाब की राजनीति में 1984 आज भी एक संवेदनशील और भावनात्मक मुद्दा है. ऑपरेशन ब्लू स्टार और उसके बाद हुए सिख विरोधी दंगों की यादें कई पीढ़ियों के मन में मौजूद हैं. सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि जून 1984 में स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई के बाद वहां हुए नुकसान को देखकर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी बेहद दुखी हुई थीं. सोनिया के मुताबिक इंदिरा गांधी की आंखों में दर्द और पछतावे के आंसू थे। 

किताब में 1984 के दंगों का भी जिक्र है. सोनिया गांधी ने प्रशासनिक स्तर पर सेना की तैनाती में हुई देरी का उल्लेख किया है. साथ ही उनका कहना है कि उस हिंसा को राजीव गांधी या पूरी कांग्रेस पार्टी की गहरी सिख विरोधी मानसिकता के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. लेकिन पंजाब में इस विवरण को लेकर विवाद शुरू हो गया है. शिरोमणि अकाली दल के नेताओं ने इसे 1984 की घटनाओं को हल्का करके पेश करने की कोशिश बताया है. उनका आरोप है कि किताब में सिख समुदाय के दर्द और हिंसा की जिम्मेदारी से जुड़े सवालों का पर्याप्त जवाब नहीं मिलता. भाजपा भी इसी मुद्दे पर कांग्रेस को घेर रही है. ऐसे में कांग्रेस के लिए पुरानी घटनाओं से आगे बढ़ने की कोशिश मुश्किल हो सकती है। 

कांग्रेस पर हमला का हथियार
सोनिया गांधी की किताब में सिर्फ 1984 का ही जिक्र नहीं है. उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल को भी गलती माना है. उनका कहना है कि उन्हें लगता है कि इंदिरा गांधी को भी बाद में अपनी इस गलती का अहसास हुआ था. उन्होंने यह भी लिखा है कि अगर संजय गांधी को नियंत्रण में रखा गया होता तो आपातकाल के दौरान हुए नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। 

भाजपा ने इन टिप्पणियों को भी कांग्रेस के खिलाफ इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है. पार्टी के प्रवक्ता सीआर केसवन ने कहा कि किताब का नाम बिलॉन्गिंग के बजाय व्हाइटवाशिंग होना चाहिए था. उनका आरोप है कि सोनिया गांधी ने नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस के ऐतिहासिक फैसलों पर पर्दा डालने की कोशिश की है। 

भाजपा ने किताब में बाबरी मस्जिद विध्वंस और 1984 की हिंसा को लेकर सोनिया गांधी के रुख पर भी सवाल उठाए हैं. इस तरह भाजपा को कांग्रेस के इतिहास से जुड़े कई मुद्दों को एक साथ उठाने का मौका मिल गया है. पंजाब चुनाव के दौरान यह विवाद और तेज हो सकता है। 

सोनिया के दावे को लेकर सवाल
किताब का एक और विवादास्पद पहलू 1984 के दंगों के दौरान सेना की तैनाती से जुड़ा है. सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में लिखा है कि 31 अक्टूबर 1984 की रात राजीव गांधी ने सेना प्रमुख जनरल एएस वैद्य से सेना बुलाने के लिए कहा था. उनके विवरण के मुताबिक दिल्ली के आसपास तैनात सेना की कुछ टुकड़ियों के इस्तेमाल को लेकर भी निर्णय हुआ था। 

लेकिन वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा नेता एचएस फूलका ने इस विवरण पर सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि दिल्ली में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की सुबह सेना के करीब 6,000 जवान उपलब्ध थे. उन्होंने रंगनाथ मिश्रा आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अगर इन जवानों को समय रहते सड़कों पर उतारा जाता तो बड़ी संख्या में सिखों की जान बचाई जा सकती थी. यहां ध्यान देने वाली बात है कि सेना को बुलाने का आदेश देने और उसे सड़कों पर प्रभावी ढंग से तैनात करने के बीच अंतर है. इसी समय-क्रम और प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर विवाद है। 

स्थानीय मुद्दों से भटक सकता है विमर्श
पंजाब में कांग्रेस की चुनावी रणनीति का एक बड़ा हिस्सा स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित रहने वाला है. खेती-किसानी, किसानों की आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, नशे की समस्या, कानून-व्यवस्था और मौजूदा सरकार के खिलाफ नाराजगी जैसे मुद्दे चुनाव में अहम होंगे. लेकिन, सोनिया गांधी की किताब को लेकर शुरू हुआ विवाद कांग्रेस को बचाव की मुद्रा में ला सकता है. पार्टी के नेताओं को बार-बार 1984, ऑपरेशन ब्लू स्टार और आपातकाल पर सफाई देनी पड़ सकती है. इससे चुनावी चर्चा का केंद्र मौजूदा समस्याओं के बजाय चार दशक पुराने घटनाक्रम बन सकते हैं। 

पंजाब में सिख समुदाय की भावनाओं और ऐतिहासिक घटनाओं का राजनीतिक महत्व किसी से छिपा नहीं है. शिरोमणि अकाली दल और भाजपा इस मुद्दे को चुनावी सभाओं में उठा सकते हैं. कांग्रेस के सामने चुनौती होगी कि वह 1984 से जुड़े सवालों का जवाब भी दे और मौजूदा सरकार के खिलाफ अपने चुनावी मुद्दों को भी मजबूती से उठाए. कुल मिलाकर, सोनिया गांधी की आत्मकथा का विवाद कांग्रेस के लिए केवल इतिहास से जुड़ी बहस नहीं है. इसका असर पंजाब में पार्टी की चुनावी रणनीति और राजनीतिक संदेश पर भी पड़ सकता है। 

News Desk

Recent Posts

‘वसुंधरा राजे ने सोनिया गांधी के पैर पकड़कर खुद को जेल जाने से बचाया’, हनुमान बेनीवाल का गंभीर आरोप, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

चूरू, राजस्थान। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।…

1 hour ago

IPL 2027 से पहले जयदेव उनादकट की होगी छुट्टी? SRH एक करोड़ के गेंदबाज को कर सकती है रिलीज

नई दिल्ली आईपीएल 2027 से सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अपनी तेज गेंदबाजी को मजबूत कर…

2 hours ago

पीएम मोदी और ट्रंप की मुलाकात से चीन की बढ़ेगी टेंशन, एक दौरे से साधेंगे दो बड़े निशाने

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवंबर को फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर…

3 hours ago

उत्तराखंड मौसम समाचार: पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार, 3200 मीटर से ऊपर बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में 12 नवंबर को मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल सकता है। मौसम…

4 hours ago

देहरादून के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा लेह में शहीद, 5/3 गोरखा राइफल्स में थे तैनात

देश की सेवा में उत्तराखंड के एक और वीर सैन्य अधिकारी ने सर्वोच्च बलिदान दिया…

4 hours ago

बांग्लादेश का बड़ा यू-टर्न, मुस्तफिजुर रहमान समेत 7 खिलाड़ियों को IPL में खेलने की मिली मंजूरी

ढाका  आईपीएल 2027 से पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बड़ा यू-टर्न लिया है। पिछले साल…

5 hours ago