2027 पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ अभियान शुरू किया है। इसी अभियान के तहत रविवार को बरनाला में कांग्रेस की कैंपेन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, पूर्व मंत्री राज कुमार वेरका और वरिष्ठ नेता रज़िया सुल्ताना सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे।
बैठक में लगे ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारे
बैठक शुरू होते ही कुछ कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। इससे माहौल कुछ देर के लिए गर्म हो गया।इस पर रज़िया सुल्ताना नाराज हो गईं और मंच से कहा कि जो लोग पार्टी का माहौल खराब कर रहे हैं, उन्हें बाहर निकाला जाना चाहिए। इसके बाद बैठक में कुछ समय तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
अनुशासन बनाए रखने की अपील
रज़िया सुल्ताना ने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर पार्टी में विवाद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने की अपील की और कहा कि किसी को भी पार्टी का माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
2027 चुनाव में जीत का दावा
हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हुई तो रज़िया सुल्ताना ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करेगी।
