कानपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने 6 घंटे के अंदर दो अलग-अलग मुठभेड़ों में बड़ी कार्रवाई की है। इन एनकाउंटर में कुल चार वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों ही मामलों में फायरिंग के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है।
पहली मुठभेड़ गुजैनी थाना क्षेत्र में हुई, जो 21 जून को हुई एक लूट की घटना से जुड़ी थी। उस दिन बाइक सवार बदमाशों ने घर लौट रही एक महिला से पहले उसका मंगलसूत्र और सोने की चेन लूटी थी। इसके बाद आरोपियों ने महिला को धमकाकर उसके घर से अन्य जेवरात भी मंगवाए और लाखों रुपये की लूट को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
इस मामले में पुलिस ने एडीसीपी ऑपरेशंस और एसीपी नौबस्ता के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर फतेहपुर रोड पर घेराबंदी की गई। जब पुलिस ने तीन संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अकरम और जावेद अख्तर के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मौके से एक बाइक, दो तमंचे, कारतूस और खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अंतरजनपदीय लूट गैंग से जुड़े हुए हैं और कई मामलों में वांछित थे।
दूसरी मुठभेड़ ग्वालटोली थाना क्षेत्र में हुई, जो 28-29 जून की रात हुए गोलीकांड से संबंधित थी। इस घटना में अरविंद पासवान को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर ग्वालटोली पुलिस, कर्नलगंज पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाया।
मुखबिर की सूचना पर टीम ने टेप्को मिल परिसर में घेराबंदी की, जहां तीन आरोपी छिपे हुए थे। पुलिस के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में हरि सिंह उर्फ शुभम के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अनुराग खुराना उर्फ शैबी को मौके से दबोच लिया गया। तीसरा आरोपी ऋषभ उर्फ मांगू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, खोखे और अन्य सबूत बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने गोलीकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सभी आरोपियों पर हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और शहर में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
नई दिल्ली इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को पुरुष खिलाड़ियों की ताजा टी20 और…
कलकत्ता पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि 'बांग्ला', 'वेस्ट बंगाल'…
कोलंबो श्रीलंका की पूर्व प्रथम महिला शिरंथी राजपक्षे को बुधवार को उनके एनजीओ ओसिरलिया सवियाओ…
रायपुर, 07 अक्टूबर 2026/ प्रदेश में महतारी वंदन योजना 01 मार्च 2024 से लागू की…
रायपुर 7 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के…
रायपुर, 07 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन ने शासकीय हेलीकॉप्टर के बीमा दावे के निराकरण में…