पंजाब की दो यूनिवर्सिटीज—फगवाड़ा की Lovely Professional University (LPU) और राजपुरा की चितकारा यूनिवर्सिटी—में हालिया बवाल के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी खबर या दावे को शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि अपुष्ट दावों पर भरोसा न करें और उन्हें आगे शेयर करने से पहले वेरिफाई करें। पुलिस के मुताबिक, अफवाहें पंजाब की शांति और आपसी भाईचारे को प्रभावित कर सकती हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोगों से 112 हेल्पलाइन पर संपर्क करने को कहा गया है।
LPU में अफवाह के बाद भड़का बवाल
फगवाड़ा स्थित LPU में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म और उसके बाद आत्महत्या से जुड़े दावे सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद छात्रों का प्रदर्शन शुरू हुआ। रविवार को प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। कैंपस में तोड़फोड़ हुई और जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर भी प्रदर्शन किया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बनी और पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की है और जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। वहीं, LPU प्रशासन ने कथित दुष्कर्म की घटना को अफवाह और निराधार बताया है।
10 दिन के लिए क्लास सस्पेंड
बवाल के बाद LPU ने सोमवार से 10 दिनों के लिए नियमित कक्षाएं स्थगित कर दी हैं और मिड-टर्म परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। सोमवार को कैंपस में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई गई और स्थिति को नियंत्रण में बताया गया। बड़ी संख्या में छात्र अपने घरों के लिए भी रवाना हुए।
चितकारा यूनिवर्सिटी में भी अफवाहों के बाद प्रदर्शन
इससे एक दिन पहले राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में भी सोशल मीडिया पर छात्राओं के गायब होने और अनहोनी से जुड़े दावे वायरल हुए थे। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन किया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और अन्य अधिकारियों ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है।
पंजाब पुलिस के विशेष डीजीपी परवीन सिन्हा के मुताबिक, शुरुआती जांच में चितकारा और LPU की घटनाओं के बीच कोई संबंध सामने नहीं आया है। हालांकि दोनों घटनाओं को लेकर जांच जारी है।
महिला आयोग ने भी मांगी रिपोर्ट
पंजाब राज्य महिला आयोग ने LPU और चितकारा यूनिवर्सिटी की घटनाओं का स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने 30 सितंबर तक कार्रवाई की रिपोर्ट और संबंधित FIR की जानकारी देने को कहा है। LPU मामले में गठित SIT और जांच की मौजूदा स्थिति की जानकारी भी मांगी गई है।
फिलहाल पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी संवेदनशील दावे को बिना पुष्टि आगे न बढ़ाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
