ऑनलाइन गेमिंग की लत, रिश्तों और ज़िंदगी दोनों को तबाह कर सकती है। ताजा मामला मध्यप्रदेश के रीवा से सामने आया है जहां बेरोजगार पति को पब्जी खेलने की इतनी लत थी कि जब उसकी नई-नवेली दुल्हन ने उसे खेलने से रोका तो उसने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
मिली जानकारी के मुताबिक, रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाला रंजीत पटेल बेरोजगार था और दिनभर PUBG खेलता रहता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। बीती रात विवाद बढ़ गया और पति ने गमछे से अपनी पत्नी नेहा पटेल की हत्या कर दी। दंपति की शादी सिर्फ कुछ महीने पहले ही हुई थी।
बता दें कि, हत्या के बाद से ही आरोपी पति फरार है। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन भी कर दिया है। वहीं, वो लगातार पत्नी से दहेज की मांग भी कर रहा था जिसे उसके ससुराल वाले पूरा नहीं कर पा रहे थे और इस बात को लेकर भी वो अपनी पत्नी से अक्सर विवाद करता था। इसके साथ ही रंजीत पटेल घर का कोई काम भी नहीं करता था और दिनभर पबजी खेलता था।

