Categories: बिजनेस

Nvidia की बल्ले-बल्ले! पहली बार 100 अरब डॉलर के पार पहुंचा कंपनी का रेवेन्यू

 नई दिल्ली 

अमेरिकन टेक्नोलॉजी कंपनी एनवीडिया (Nvidia) ने अपने तिमाही नतीजों से शेयर मार्केट की उम्मीदों को पीछे छोड़ दिया है. कंपनी का सेल्स रेवेन्यू पहली बार 100 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है. अक्टूबर में खत्म हुई तिमाही में Nvidia का रेवेन्यू 115.8 अरब डॉलर रहा, जबकि मुनाफा 65.3 अरब डॉलर दर्ज किया गया. दोनों आंकड़े वॉल स्ट्रीट के अनुमान से बेहतर रहे. कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में उसके शेयर करीब 4 फीसदी चढ़ गए। 

ये नतीजे ऐसे समय आए हैं, जब कंपनी नेतृत्व में बड़े बदलाव और अपने पूर्व CEO जेनसन हुआंग से जुड़े विवादों का सामना कर रही है. एनवीडिया ने मौजूदा तिमाही में करीब 130 अरब डॉलर के रेवेन्यू का अनुमान भी दिया है. इससे संकेत मिलता है कि AI चिप की मांग फिलहाल मजबूत बनी हुई है. बता दें कि एनवीडिया का मुख्य बिजनेस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए चिप मेकिंग का है। 

एक साल में दोगुने से ज्यादा हुई बिक्री

Nvidia ने अक्टूबर में समाप्त तीन महीनों के दौरान 115.8 अरब डॉलर का रेवेन्यू हासिल किया. कंपनी का मुनाफा 65.3 अरब डॉलर रहा. पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले बिक्री दोगुने से भी ज्यादा रही. बाजार के जानकारों को कंपनी से इतने मजबूत नतीजों की उम्मीद नहीं थी. कंपनी की अंतरिम CEO कोलेट क्रेस ने निवेशकों से बातचीत में कहा कि Nvidia के चिप की डिमांड लगातार बढ़ रही है और कंपनी अपनी सप्लाई भी बढ़ा रही है. उन्होंने भरोसा जताया कि ग्राहक, कारोबारी साझेदार और कर्मचारी कंपनी के साथ बने हुए हैं। 

130 अरब डॉलर रेवेन्यू का अनुमान
कंपनी ने चालू तिमाही में करीब 130 अरब डॉलर के रेवेन्यू का अनुमान दिया है. इसके अलावा अगले वित्त वर्ष में रेवेन्यू 75 फीसदी बढ़ने की उम्मीद जताई है. यह अनुमान कंपनी के अगस्त में दिए गए अनुमान से 5 फीसदी ज्यादा है. Nvidia को उम्मीद है कि उसका ग्रॉस प्रॉफिट मार्जिन (सकल मुनाफे का अनुपात) 70 फीसदी से ऊपर बना रहेगा. AI चिप की लगातार बढ़ती मांग को कंपनी की इस मजबूती की बड़ी वजह माना जा रहा है। 

जेनसन हुआंग की वापसी पर बोर्ड ने क्या कहा?
Nvidia के सह-संस्थापक और पूर्व CEO जेनसन हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी में नेतृत्व को लेकर भी चर्चा तेज है. हुआंग ने मंगलवार को सार्वजनिक रूप से कहा कि अगर बोर्ड उनसे वापस आने को कहता है, तो वह CEO की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं. हालांकि, कंपनी के बोर्ड चेयरमैन हार्वे सी. जोंस ने साफ किया कि फिलहाल जेनसन हुआंग को वापस लाने की कोई योजना नहीं है. उन्होंने कहा कि बोर्ड ने उनका इस्तीफा सर्वसम्मति से स्वीकार किया था। 

न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जेनसन हुआंग ने कंपनी के कोड ऑफ कंडक्ट (Code of Conduct) के उल्लंघन से जुड़े निजी विवादों के बाद इस्तीफा दिया था. रिपोर्ट में उनके दो एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर्स का जिक्र किया गया है, जिनमें एक चीनी महिला कारोबारी एलिस हुआंग से जुड़ा मामला भी शामिल है. अमेरिकी एजेंसियों को एलिस पर चीन के लिए जासूसी करने का शक है. एनवीडिया इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच करा रही है. फिलहाल कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर कोलेट क्रेस अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. Nvidia ने स्थायी CEO की तलाश के लिए एक सर्च फर्म भी नियुक्त की है. कंपनी आंतरिक और बाहरी दोनों उम्मीदवारों पर विचार कर रही है। 

चीन को चिप भेजना बंद करेगी कंपनी
Nvidia ने चीन को अपने H200 AI चिप की सप्लाई रोकने का फैसला किया है. जेनसन हुआंग ने इन चिप्स की चीन में बिक्री की अनुमति हासिल करने के लिए कई महीनों तक कोशिश की थी. इसके लिए अमेरिकी सरकार को चीन में होने वाली बिक्री का 25 फीसदी हिस्सा देने का समझौता भी किया गया था. हालांकि, चीन की ओर से इन चिप्स की खरीद में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई गई. अक्टूबर में समाप्त तिमाही में Nvidia ने चीन को करीब 2.4 अरब डॉलर की चिप बेची थी. यह कंपनी के कुल 115.8 अरब डॉलर के रेवेन्यू का छोटा हिस्सा है. कंपनी के लिए अब चुनौती सिर्फ AI चिप की बढ़ती मांग को पूरा करना नहीं है, बल्कि नेतृत्व में बदलाव और चीन से जुड़े कारोबारी प्रतिबंधों के बीच अपनी रफ्तार बनाए रखना भी है। 

निवेशकों के लिए क्या है इसका मतलब?

Nvidia के मजबूत नतीजों से AI सेक्टर में मांग कमजोर पड़ने की आशंकाओं को फिलहाल राहत मिली है. कंपनी की बिक्री और मुनाफे में तेजी बताती है कि AI चिप की जरूरत अब भी काफी ज्यादा है. हालांकि, जेनसन हुआंग के जाने, चीन को सप्लाई बंद होने और अमेरिका के नए प्रतिबंधों का कंपनी पर आगे क्या असर पड़ेगा, यह देखना बाकी है। 

News Desk

Recent Posts

बांग्लादेश में भड़की हिंसा, मोहम्मद यूनुस के घर पर आगजनी और कई जिलों में बम धमाके

ढाका बांग्लादेश एक बार फिर राजनीतिक हिंसा और आगजनी की चपेट में आ गया है.…

13 hours ago

कारों के बाद अब इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार में उतरेगी VinFast, भारत में लॉन्च करेगी 3 नए मॉडल

मुंबई  भारतीय बाजार में कार लॉन्च करने के बाद अब विनफास्ट (VinFast) दूसरे सेगमेंट में…

14 hours ago

युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास, T20 क्रिकेट में ऐसा करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने

    इंदौर भारतीय टीम से बाहर चल रहे लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल का जलवा बरकरार…

14 hours ago

बेबी डिफेंडर की जल्द होगी एंट्री, इलेक्ट्रिक अवतार में आएगी Land Rover की नई SUV

मुंबई  Defender का नाम सुनते ही दिमाग में पहाड़, एडवेंचर, पावरफुल इंजन और ऐसी SUV…

15 hours ago

पूर्व CM की पत्नी की राजनीति में एंट्री के संकेत, अशोकनगर में सरकार पर साधा निशाना

भोपाल  मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में पूर्व मुख्यमंत्री की पत्नी ने सक्रिय राजनीति में…

16 hours ago

ऑनलाइन शॉपिंग करने वालों के लिए बड़ा बदलाव, 1 जनवरी 2027 से बदलेंगे नियम

मुंबई  अगर आप Amazon, Flipkart या किसी दूसरे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से अक्सर ऑनलाइन शॉपिंग करते…

16 hours ago