Hyderabad House: हैदराबाद हाउस में मोदी-पुतिन की मुलाकात
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की भारत यात्रा का आज दूसरा दिन रहा, जिसमें कूटनीतिक गतिविधियां लगातार जारी रहीं। सुबह राष्ट्रपति भवन में उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। भारतीय परंपरा के मुताबिक उन्हें स्वागत के बाद सैन्य टुकड़ियों ने सलामी दी। इसके तुरंत बाद पुतिन राजघाट पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की और शांति एवं अहिंसा के प्रतीक गांधीजी को नमन किया। इस दौरान उन्होंने आगंतुक पुस्तिका में संदेश भी लिखा, जिसमें भारत और रूस के बीच मजबूत रिश्तों का उल्लेख किया गया।
इसके बाद राष्ट्रपति पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में व्यापक स्तर पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने विभिन्न द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। मीडिया के सामने विचार साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत का रुख हमेशा से शांति का रहा है और रहेगा। उन्होंने दो टूक कहा कि भारत न्यूट्रल नहीं है, बल्कि शांति के हर प्रयास के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया कई तरह की चुनौतियों और चिंताओं का सामना कर रही है और आशा है कि जल्द ही इनसे राहत मिलेगी।
भारत-रूस संबंधों पर बात करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसे को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच दशकों पुराना भरोसा और सहयोग है, जो मुश्किल परिस्थितियों में और मजबूत हुआ है। मोदी ने यह भी कहा कि विश्व का कल्याण केवल शांति के मार्ग से संभव है और भारत लगातार इसी दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्व एक बार फिर शांति और स्थिरता की दिशा में लौटेगा और भारत फिर से दुनिया को शांति का संदेश देता हुआ दिखाई दे रहा है।
प्रधानमंत्री के इस बयान ने यह संदेश भी दिया कि भारत किसी बाहरी दबाव, विशेषकर अमेरिका के दबाव में नहीं आने वाला है। हाल के वर्षों में भारत ने रूस और पश्चिमी देशों के बीच संतुलन बनाए रखा है, लेकिन रूस के साथ पारंपरिक सहयोग को लेकर भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है। पुतिन की इस यात्रा को भी इसी सन्दर्भ में देखा जा रहा है कि भारत अपने स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता पर कायम है।
वहीं बातचीत के समय व्लादिमीर पुतिन ने भारत आने के लिए आमंत्रण पर धन्यवाद दिया और कहा कि आज की मुलाकात बेहद सार्थक है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की टिप्पणियों की सराहना करते हुए कहा कि रूस भी शांति का पक्षधर है और विभिन्न वैश्विक चुनौतियों का शांतिपूर्ण समाधान चाहता है। पुतिन ने कहा कि शांति की दिशा में दोनों देश साथ खड़े हैं और यह रिश्तों की मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने युद्ध और संघर्षों को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि सभी समस्याओं का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से ही होना चाहिए।
भारत के रुख की पुष्टि करते हुए पुतिन ने कहा कि रूस भारत को विश्व मंच पर एक जिम्मेदार और स्थिर शक्ति के रूप में देखता है। उन्होंने कहा कि विश्व शांति के लिए भारत की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और रूस इन प्रयासों का सम्मान करता है। दोनों नेताओं की बातों से यह स्पष्ट हुआ कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत और रूस शांति एवं विकास की दिशा में मिलकर काम करना चाहते हैं।
यूक्रेन युद्ध के बाद पुतिन का यह भारत दौरा अधिक महत्व रखता है। रूस पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों का सामना कर रहा है और ऐसे में भारत उसके लिए एक भरोसेमंद साझेदार बना हुआ है। भारत भी रक्षा खरीद, कच्चे तेल और तकनीकी सहयोग के लिए रूस पर काफी हद तक निर्भर है। हालांकि भारत के लिए अमेरिका के साथ संबंध भी समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। इसलिए इस यात्रा को भारत-रूस संबंधों की एक तरह की अग्निपरीक्षा माना जा रहा है, जिसमें भारत को अपने हितों के अनुसार संतुलन साधना है।
पिछले दो वर्षों में भारत ने रूस से भारी मात्रा में सस्ता कच्चा तेल खरीदा है, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था को सीधे तौर पर फायदा हुआ है। वहीं रक्षा क्षेत्र में भी रूस भारत का प्रमुख सहयोगी रहा है। सुपरसोनिक मिसाइलों से लेकर लड़ाकू विमानों, टैंकों और पनडुब्बियों तक कई क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच व्यापक रक्षा सहयोग मौजूद है। ऐसे में यह यात्रा इन सभी मौजूदा समझौतों को आगे बढ़ाने और भविष्य की साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
भारत और रूस के बीच ऊर्जा, रक्षा, व्यापार, अंतरिक्ष और तकनीक सहित कई क्षेत्रों में सहयोग पर भी बातचीत हुई। दोनों देशों के अधिकारियों के बीच द्विपक्षीय बैठकों का दौर जारी रहा, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों और समझौतों पर काम हुआ। इस दौरे से दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और गहरी होने की संभावना जताई जा रही है।
आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड के…
Iran-US-Israel जंग के बीच रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन ने एक बड़ा ऐलान किया है।…
बिहार की राजनीति में नया खेला शुरू हो गया है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार…
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रिठाला इलाके में गुरुवार तड़के झुग्गियों में भीषण आग लग गई।…
मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से कच्चे तेल आने का…
HARYANA BUDGET 2026: जानिए किसको क्या मिला ? हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने…