हरियाणा भी झेल रहा ‘मानसून की मार’!
उत्तर भारत में इस समय मानसून ने कहर बरपा रहा है। हरियाणा, हिमाचल और आसपास के राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों के जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदियां उफान पर हैं, नहरें और माइनर टूट चुकी हैं, पुल बह गए हैं और रेलमार्ग तक बाधित हो चुके हैं।
सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके हरियाणा के हिसार, भिवानी, फतेहाबाद, पंचकूला और यमुनानगर हैं, जबकि हिमाचल में शिमला-कालका ट्रैक पर भूस्खलन से सभी ट्रेनें रोकनी पड़ी हैं।
दरअसल हिसार जिले में भारी बारिश के बाद पांच जगहों पर नहरें टूट गईं। आर्थनगर, मात्रप्रयाग, शाहपुर और घिराय जैसे इलाकों में पानी भरने से हजारों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। जिन खेतों में धान और कपास की फसल लहलहा रही थी, वहां अब पानी ही पानी नजर आ रहा है।
किसान मायूस हैं क्योंकि बरसात ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। हांसी-बरवाला स्टेट हाईवे भी जलभराव के कारण बंद कर दिया गया है। गांव चानौत के पास सड़क पर पानी भरने की वजह से वाहन की आवाजाही रूक गई है। लोग मजबूरी में ट्रैक्टर-ट्रॉली और नाव जैसी अस्थायी सुविधाओं से आवागमन कर रहे हैं।
वहीं भिवानी जिले में तोशाम के पास भुरटाना माइनर टूट गई। इससे न सिर्फ 100 एकड़ में खड़ी फसलें डूब गईं, बल्कि गांवों में पानी भरने से लोगों के घरों में भी भारी नुकसान हुआ है। तोशाम-सिवानी मार्ग पर बने रजवाहे के ओवरफ्लो होने से सड़क यातायात भी ठप पड़ गया है।
लोहारू क्षेत्र की 110 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत का एक हिस्सा भी बारिश की वजह से भरभराकर गिर गया। वहीं पंचकूला जिले में धग्घर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से मोरनी क्षेत्र के खरुनी गांव में बना फुट ओवरब्रिज बह गया। पुल बहने से ग्रामीणों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। अब गांव के लोग नावों और रस्सियों के सहारे पार जाने को मजबूर हैं।
गौरतलब ये है कि हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बरसात के कारण शिमला-कालका रेलवे लाइन पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। ये रेलमार्ग विश्व धरोहर के रूप में प्रसिद्ध है, लेकिन भारी मलबा आने से पटरियां पूरी तरह ढक गई हैं। रेलवे ने 5 सितंबर तक इस मार्ग पर सभी ट्रेनें रद्द करने का निर्णय लिया है।
साथ ही जम्मू रेल खंड में कठुआ और माधोपुर के बीच रेल पुल की मरम्मत न होने से रेलवे ने 69 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। वहीं 17 ट्रेनें बीच रास्ते से ही रद्द करनी पड़ीं और कुछ को छोटे रूट पर चलाया जा रहा है। दिल्ली से कटरा और कोलकाता से जम्मू जाने वाली कुछ ट्रेनों को जम्मू स्टेशन तक सीमित कर दिया गया है।
वहीं यमुनानगर जिले में यमुना नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। कैत-मंडी गांव में खेतों से पानी सड़क पर आ गया है। दो से तीन फीट पानी भरने से सड़कें पूरी तरह बंद हो गई हैं। गांववालों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ही सहारा बना लिया है और इन्हीं के जरिए लोगों को एक छोर से दूसरे छोर ले जाया जा रहा है। पानीपत जिले के सनीली क्षेत्र में यमुना का पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है।
रहीमपुर खेड़ी गांव का संपर्क कट गया है और लगभग 15 हजार एकड़ में फसलें डूब चुकी हैं। प्रशासन लगातार तटबंधों का निरीक्षण कर रहा है। वहीं फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पानी घुसने से बिजली पैनल खराब हो गया। डॉक्टरों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज करना पड़ा।
कुलां गांव में दो मकानों का हिस्सा गिर गया। सिरसा में भी कई मकानों में दरारें आ गईं और लोग सुरक्षित जगहों की ओर पलायन करने लगे।लगातार भारी बरसात के चलते हिसार जिले के 10 सरकारी स्कूलों में पानी भर गया, जिससे उन्हें बंद करना पड़ा।
प्रशासन ने हाई अलर्ट देते हुए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। पंचायत सचिवों और पटवारियों को रोजाना रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।
मौसम विभाग ने अगले 24 से 36 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 2 सितंबर तक ऑरेंज अलर्ट है। 4 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहेगा। उसके बाद थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन सितंबर माह में औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। दक्षिण हरियाणा के कई हिस्से विशेष रूप से प्रभावित हो सकते हैं।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार और…
टी20 विश्वकप 2026 के दूसरा सेमीफाइनल वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला…
चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं और यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का…
Sukhoi Su-30MKI लड़ाकू विमान असम के Karbi Anglong जिले में बीती रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया,…
अमेरिका, इजरायल और ईरान जंग के बीच दुनियाभर में तेल संकट की स्थिति पैदा हो…
आईसीसी मेन्स टी20 विश्वकप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच वानखेड़े में भारत और इंग्लैंड के…