श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में हुई मेडिकल जांच के दौरान बुमराह पूरी तरह फिट नहीं पाए गए। उन्हें बाएं घुटने में दर्द और असहजता महसूस हो रही है। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि उनकी पूरी रिकवरी होने तक उन्हें मैदान पर नहीं उतारा जाएगा।
मेडिकल टीम नहीं लेना चाहती कोई जोखिम
बताया जा रहा है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान बुमराह के बाएं घुटने की परेशानी फिर सामने आई थी। इसके बाद उन्हें विशेष इंजेक्शन भी दिया गया, लेकिन उम्मीद के मुताबिक पूरी तरह फिट नहीं हो सके। बीसीसीआई की मेडिकल टीम का मानना है कि जल्दबाजी में वापसी कराने से उनकी चोट और बढ़ सकती है। इसलिए बोर्ड कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी सिराज पर
बुमराह की गैरमौजूदगी में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी अब मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार पर होगी।
कौन ले सकता है बुमराह की जगह?
रिपोर्ट्स के मुताबिक चयन समिति जल्द ही बुमराह के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर सकती है। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी इस दौड़ में सबसे आगे बताए जा रहे हैं। उन्होंने हाल ही में इंडिया-ए की ओर से श्रीलंका दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करते हुए दो मैचों में 6 विकेट लिए थे।
कब होगी टेस्ट सीरीज?
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो में होगा। यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 का हिस्सा है। बुमराह की गैरमौजूदगी भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि विदेशी परिस्थितियों में वह टीम के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शामिल हैं।
