स्वच्छता की ओर बढ़ रहे 'मनोहर' कदम !

दिल्ली के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत देने वाली खबर सामने आई है। राजधानी में सालों से लोगों की परेशानी बने कूड़े के पहाड़ को खत्म करने की दिशा में अब सरकार ने रफ्तार बढ़ा दी है। केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर खुद भलस्वा लैंडफिल साइट पहुंचे और वहां चल रहे सफाई अभियान का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि तय समय सीमा के भीतर इस कूड़े के पहाड़ को पूरी तरह खत्म किया जाए। इतना ही नहीं, उन्होंने नरेला में बन रही कर्मजीवी आवास योजना का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की हिदायत दी। शनिवार को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल साइट पहुंचे। यहां उन्होंने पुराने कचरे के निस्तारण, लेगेसी वेस्ट की प्रोसेसिंग और जमीन के पुनर्स्थापन के काम का बारीकी से निरीक्षण किया। उनके साथ दिल्ली नगर निगम के आयुक्त और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि 31 जुलाई 2026 तक भलस्वा डंपसाइट से करीब 99.07 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। अब बचा हुआ कचरा 15 अक्टूबर 2026 तक हटाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं मार्च 2026 तक जमा हुए बाकी कचरे को भी 31 दिसंबर 2026 तक पूरी तरह साफ करने की योजना बनाई गई है। मनोहर लाल खट्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल पुराने कचरे को हटाना ही काफी नहीं है, बल्कि हर दिन आने वाले नए कचरे का भी वैज्ञानिक तरीके से तुरंत निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि यदि नए कचरे की प्रोसेसिंग में देरी हुई तो भविष्य में फिर ऐसी ही समस्या खड़ी हो सकती है। इसलिए नई तकनीकों का इस्तेमाल करते हुए कचरे का समय पर प्रबंधन बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस पूरे अभियान को मिशन मोड में चलाया जाए ताकि तय समय के भीतर भलस्वा लैंडफिल पूरी तरह खत्म हो सके। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल सफाई का अभियान नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण, लोगों के स्वास्थ्य और दिल्ली के बेहतर भविष्य से जुड़ा एक बड़ा मिशन है। वर्षों से जमा कचरे की वजह से भलस्वा इलाके के लोगों को बदबू, प्रदूषण और कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। अब आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीकों के जरिए इस कचरे का निस्तारण किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में प्रदूषण कम होगा और आसपास रहने वाले लाखों लोगों को साफ और बेहतर वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी बड़े लैंडफिल साइटों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और भलस्वा परियोजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। भलस्वा लैंडफिल के निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर नरेला पहुंचे। यहां उन्होंने दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी डीडीए की कर्मजीवी आवास योजना के तहत पॉकेट-11 में बनाए जा रहे फ्लैट्स का निरीक्षण किया… उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, नागरिक सुविधाओं और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों को साफ निर्देश दिए गए कि यह योजना सिर्फ मकान बनाकर देने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे एक आधुनिक और आदर्श आवासीय परिसर के रूप में विकसित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि लोगों को सिर्फ चार दीवारी नहीं, बल्कि बेहतर जीवन देने वाला माहौल मिलना चाहिए। इसलिए बच्चों के खेलने के लिए आधुनिक पार्क, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं, सामुदायिक केंद्र, पर्याप्त पार्किंग, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली, बेहतर सीवरेज व्यवस्था, साफ-सफाई और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था जैसी सभी सुविधाएं इस परियोजना का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आवासीय परियोजना की असली पहचान उसकी सार्वजनिक सुविधाएं होती हैं। इसलिए गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी निर्माण कार्य तय मानकों के अनुसार समय पर पूरे किए जाएंगे।

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर नागरिक को बेहतर आवास उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ काम कर रही है। अब योजनाओं का उद्देश्य सिर्फ मकान बनाना नहीं, बल्कि लोगों को आधुनिक और सम्मानजनक जीवन के लिए जरूरी सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नरेला को भविष्य में एक आधुनिक, सुविकसित और सुविधासंपन्न आवासीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे हजारों परिवारों को बेहतर जीवन मिल सके। कुल मिलाकर देखें तो एक तरफ दिल्ली के कूड़े के पहाड़ को खत्म करने की कोशिशों में तेजी लाई जा रही है, तो दूसरी तरफ आधुनिक और बेहतर आवासीय सुविधाएं तैयार करने पर भी सरकार जोर दे रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या तय समय के भीतर भलस्वा लैंडफिल पूरी तरह खत्म हो पाएगा और क्या दिल्ली के लोगों को जल्द ही प्रदूषण और कूड़े के पहाड़ से राहत मिलेगी? इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताइए।

By admin