6138 343992589474158303923807 608305407879 663640 936468843124 609555112

नई दिल्ली
इस महीने श्रीलंका दौरे पर जाने वाली भारतीय क्रिकेट टीम के कार्यक्रम में आखिरी समय पर अहम बदलाव किया गया है. पहले भारत को श्रीलंका की स्थानीय टीम के खिलाफ चार दिवसीय अभ्यास मैच खेलना था, लेकिन अब इस मुकाबले को तीन दिनों का कर दिया गया है. यह अभ्यास मैच 7 अगस्त से कोलंबो के एनसीसी (NCC) ग्राउंड पर खेला जाएगा. हालांकि मैच की अवधि एक दिन कम कर दी गई है, लेकिन यही मुकाबला भारतीय खिलाड़ियों के लिए टेस्ट सीरीज से पहले मैच परिस्थितियों में खुद को परखने का एकमात्र मौका होगा.

भारतीय टीम के लिए यह अभ्यास मैच बेहद अहम माना जा रहा है. श्रीलंका की पिचें पारंपरिक रूप से स्पिन गेंदबाजों की मददगार रहती हैं. ऐसे में बल्लेबाजों को लंबी पारियां खेलने और स्पिन के खिलाफ अपनी तकनीक को परखने का मौका मिलेगा, जबकि गेंदबाज भी इन परिस्थितियों में अपनी योजनाओं को अंतिम रूप देंगे. टीम मैनेजमेंट के लिए भी यह मुकाबला महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि इसी के आधार पर पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन को अंतिम रूप दिया जा सकता है.

भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल के गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त के दौरान एसएससी ग्राउंड, कोलंबो में होगा. यह टेस्ट सीरीज सिर्फ द्विपक्षीय मुकाबला नहीं, बल्कि आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा भी है. ऐसे में दोनों टीमों के लिए हर मैच और हर अंक बेहद अहम होगा.

भारतीय टीम डब्ल्यूटीसी के मौजूदा चक्र में अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहेगी, जबकि श्रीलंका घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर महत्वपूर्ण अंक जुटाने की कोशिश करेगा.

तीन दिवसीय अभ्यास मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों के अलावा स्पिन गेंदबाजों के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी. श्रीलंका की परिस्थितियों में कौन खिलाड़ी सबसे बेहतर तालमेल बैठाता है, यह काफी हद तक इसी मुकाबले से साफ हो जाएगा.

साई सुदर्शन को लेकर अच्छी खबर
भारतीय टीम के लिए एक और राहत की खबर साई सुदर्शन की फिटनेस को लेकर आई है. टेस्ट सीरीज के लिए उनका चयन पूरी तरह फिटनेस पर निर्भर माना जा रहा था, लेकिन अब उनकी रिकवरी तेजी से हो रही है. बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन पैर के अंगूठे (Big Toe) में हल्की चोट (Niggle) से जूझ रहे थे और इसी वजह से वह बेंगलुरु स्थित भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब कर रहे हैं. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक सुदर्शन ने अब दोबारा बल्लेबाजी अभ्यास भी शुरू कर दिया है. टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि श्रीलंका दौरे पर रवाना होने से पहले वह पूरी तरह फिट हो जाएंगे.

श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन (फिटनेस क्लियरेंस के अधीन), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार और सारांश जैन.

भारत के श्रीलंका दौरे का शेड्यूल
7-9 अगस्त: प्रैक्टिस मैच, कोलंबो
15-19 अगस्त: पहला टेस्ट, गॉल, सुबह 10 बजे से