राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को मध्यम से तेज बारिश हुई जिसके बाद कई इलाकों में जलभराव और यातायात जाम की शिकायत सामने आई। वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज यानि रविवार को गरज से साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं, इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। IMD के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में शनिवार को शाम साढ़े पांच बजे तक 24.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि लोधी रोड में 27 मिलीमीटर और पालम में 16.5 मिलीमीटर बादल बरसे।
बता दें कि, कई इलाकों में लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा। विभाग ने बताया कि बारिश की वजह से उत्तर, मध्य, दक्षिण और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में लोगों को जलभराव और यातायात जाम का सामना करना पड़ा।
आईएमडी ने बारिश से यातायात जाम, सड़कों पर फिसलन, बागानों, बागवानी एवं खेतों में खड़ी फसलों को संभावित नुकसान और कच्चे घरों, दीवारों एवं झुग्गी-झोपड़ियों को मामूली क्षति सहित कमजोर संरचनाओं को आंशिक क्षति के बारे में चेतावनी जारी की है।
