दिल्ली के यमुना किनारे इन दिनों एक अनोखा और क्रिएटिव विरोध प्रदर्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कालिंदी कुंज घाट पर कुछ युवा कॉकरोच की ड्रेस पहनकर नदी किनारे फैला कचरा साफ करते नजर आए। यह सिर्फ एक सफाई अभियान नहीं था, बल्कि सिस्टम के खिलाफ व्यंग्यात्मक विरोध का तरीका भी था।
बताए कि, यह प्रदर्शन 17 मई को ‘अर्थ वॉरियर्स’ नाम के वॉलंटियर ग्रुप द्वारा आयोजित किया गया। वायरल वीडियो में युवा कॉकरोच कॉस्ट्यूम, एंटीना हेडबैंड और “मैं कॉकरोच हूं” जैसे पोस्टर लेकर यमुना किनारे प्लास्टिक और कचरा साफ करते दिखाई दिए।
दरअसल यह विरोध हाल ही में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के दौरान कथित तौर पर की गई उस टिप्पणी से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा बेरोजगार युवाओं, RTI एक्टिविस्ट्स और सोशल मीडिया एक्टिविस्ट्स के संदर्भ में “कॉकरोच” शब्द इस्तेमाल किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली थी।
हालांकि बाद में CJI की ओर से सफाई दी गई कि उनकी टिप्पणी पूरे भारतीय युवाओं के लिए नहीं थी, बल्कि उन लोगों के लिए थी जो फर्जी डिग्री या पेशेवर प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल कर रहे थे। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर “कॉकरोच जनता पार्टी” यानी CJP ट्रेंड करने लगी और यह प्रदर्शन उसी ट्रेंड का हिस्सा माना जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सीधे टकराव की बजाय व्यंग्य का रास्ता चुना और खुद को ही “कॉकरोच” बताते हुए सफाई अभियान चलाया। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे हाल के समय का सबसे शांतिपूर्ण और क्रिएटिव विरोध बताया। लोगों का कहना है कि जिन युवाओं को “कॉकरोच” कहा गया, वही यमुना साफ करते नजर आए, जबकि यह काम अक्सर प्रशासन भी पूरी तरह नहीं कर पाता।
