यूपी के अमरोहा में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब खाने की प्लेट में बिरयानी को लेकर छोटी सी बहस ने बड़ा विवाद का रूप ले लिया। शुरुआत में माहौल पूरी तरह खुशियों से भरा था, बाराती और घराती शादी का आनंद ले रहे थे, लेकिन जैसे ही खाने की बारी आई, लेग पीस को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते यह मामूली बहस बढ़कर झगड़े में बदल गई और लोग आपा खो बैठे। कुछ ही मिनटों में मारपीट शुरू हो गई और हालात बेकाबू हो गए। गुस्साए लोगों ने कुर्सियां उठाकर एक-दूसरे पर फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे पूरा बैंक्विट हॉल जंग के मैदान जैसा नजर आने लगा।
वहीं, इस दौरान वहां मौजूद महिलाएं और बच्चे डरकर इधर-उधर भागने लगे, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया, हालांकि तब तक काफी हद तक झगड़ा शांत हो चुका था। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से कोई खुलकर सामने नहीं आया है, लेकिन घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
