केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पहुंचे रोहतक PGI
हरियाणा के रोहतक में साइबर सेल के ASI संदीप लाठर की आत्महत्या मामले ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। बुधवार रात तक परिजनों और प्रशासन के बीच लंबी बातचीत के बाद आखिरकार पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति बनी है और गुरुवार को रोहतक PGI में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू हुई, हालांकि परिजनों के देर से पहुंचने की वजह से इसमें कुछ देरी हुई।
वही इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी PGI पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की और अब दिवंगत ASI के परिजनों से बात की।
ASI संदीप लाठर के परिजन पिछले दो दिनों से न्याय की मांग पर अड़े थे। उन्होंने साफ कहा था कि, जब तक IPS वाई पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पी कुमार और उनके परिवार के खिलाफ मामला दर्ज नहीं होता, तब तक वे पोस्टमॉर्टम नहीं होने देंगे। देर रात पुलिस ने आखिरकार FIR दर्ज की, जिसके बाद परिवार ने पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति दे दी।
सूत्रों के मुताबिक, FIR में IAS अमनीत पी कुमार, उनके भाई और AAP विधायक अमित रतन, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार और SIS सुनील कुमार को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि, सरकार की सख्त हिदायत के चलते FIR की कॉपी सार्वजनिक नहीं की गई है।

ऐसे में बुधवार देर रात तक प्रशासनिक हलचल बनी रही। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के OSD वीरेंद्र सिंह, ASP शशि शेखर और SDM आशीष कुमार खुद लाढ़ौत गांव पहुंचे। यहां उन्होंने बंद कमरे में परिजनों से बातचीत की और FIR दर्ज होने की जानकारी दी।
अधिकारियों ने परिवार को ये भरोसा दिलाया कि, गुरुवार को FIR की कॉपी सौंप दी जाएगी। जिसके बाद परिवार ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने पर सहमति जताई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, दोपहर 12 बजे जींद जिले के जुलाना में ASI संदीप लाठर का अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि जुलाना उनका पैतृक गांव है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लाढ़ौत, रोहतक PGI और जुलाना तीनों जगहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात की गई हैं ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
मामले की जांच कर रही पुलिस को ASI संदीप लाठर का 4 पेज का सुसाइड नोट और एक वीडियो क्लिप मिली है, जो अब केस का अहम हिस्सा बन चुकी है। वीडियो में संदीप ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों और IAS अमनीत पी कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुसाइड नोट में भी उन्होंने लिखा है कि, उन्हें लगातार मानसिक और प्रशासनिक दबाव में रखा जा रहा था।
मामले से जुड़े पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, सुसाइड नोट और वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि तथ्यों की पुष्टि हो सके।
परिजनों का कहना है कि, संदीप लाठर एक ईमानदार अधिकारी थे और उन्हें सिस्टम के भीतर चल रही गड़बड़ियों को उजागर करने की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। संदीप की पत्नी संतोष लाठर ने अपने बयान में कहा कि, “मेरे पति को झूठे मामलों में फंसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की कोशिश की जा रही थी।
उन्होंने बार-बार कहा था कि, ऊपर तक भ्रष्टाचार फैला है और वे इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे।”
आपको बता दें कि, इस पूरे मामले के केंद्र में दिवंगत IPS अधिकारी वाई. पूरन कुमार हैं, जिनका कुछ दिन पहले ही निधन हुआ था। ASI संदीप ने अपने नोट में पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार, दबाव और गलत कार्यों को ढकने के लिए अधीनस्थों का इस्तेमाल करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
इसके अलावा, उन्होंने पूरन कुमार की पत्नी IAS अमनीत पर भी “पद का दुरुपयोग” करने का आरोप लगाया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हरियाणा पुलिस मुख्यालय ने इस घटना पर निगरानी बढ़ा दी है। पूरे घटनाक्रम पर रोजाना रिपोर्ट ली जा रही है। वहीं, IG स्तर के अधिकारी भी इस केस की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं।

