PM मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को मिली जान से मारने की धमकी

पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने हाथ की बनी ‘झालमुड़ी’ खिलाने वाला स्थानीय दुकानदार अब जान से मारने की धमकियों का सामना कर रहा है। जिस घटना ने उसे सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर बना दिया था, वही अब उसके परिवार के लिए डर और चिंता की वजह बन गई है।

यह मामला 19 अप्रैल का बताया जा रहा है। उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झाड़ग्राम में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा खत्म होने के बाद जब उनका काफिला वापस लौट रहा था, तभी पीएम मोदी अचानक सड़क किनारे झालमुड़ी बेचने वाले बिक्रम साऊ की दुकान पर रुक गए।

प्रधानमंत्री ने बिक्रम के हाथ की बनी झालमुड़ी खाई और कुछ देर उनसे बातचीत भी की। इसके बाद यह तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। देखते ही देखते बिक्रम की दुकान चर्चा का विषय बन गई और वहां लोगों की भीड़ बढ़ने लगी।

लेकिन अब यही पहचान बिक्रम और उनके परिवार के लिए परेशानी बन गई है। दुकानदार का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन और व्हाट्सएप वीडियो कॉल आ रहे हैं।

बिक्रम साऊ का कहना है कि इन कॉल्स में उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। लगातार आ रही धमकियों से पूरा परिवार डर के माहौल में जी रहा है।

वहीं, इस मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि ये कॉल्स कहां से आ रही हैं और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अंतरराष्ट्रीय नंबरों से मिल रही धमकियों की खबर सामने आने के बाद इलाके में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:

By admin