हरियाणा के हिसार में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई। दयानंद कॉलोनी में शिव मंदिर और तिकोना पार्क के पास कांवड़ियों की भीड़ पर कुछ बदमाशों ने अचानक फायरिंग कर दी। इस हमले में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो बाइकों पर सवार 5 से 6 नकाबपोश बदमाश मौके पर पहुंचे और करीब 6 राउंड गोलियां चलाईं। फायरिंग होते ही वहां भगदड़ मच गई। कई कांवड़िए अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग गए।
घायलों की पहचान गोविंद (36), उनकी पत्नी निशा (30) और 12 साल की बेटी बीरा उर्फ गुन्नू के रूप में हुई है। तीनों को तुरंत पास के जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, गोविंद अपने परिवार के साथ अपने भांजे को कांवड़ यात्रा के लिए छोड़ने आया था। इसी दौरान बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी, जिससे तीनों गोली लगने से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में दो संदिग्ध बदमाशों की पहचान हो चुकी है। पुलिस ने बताया कि दोनों पर पहले से आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं और उनकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उनके बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
