राजस्थान: आरोपी कॉन्स्टेबल को पकड़ने सड़कों पर दौड़ी ACB की टीम

राजस्थान के झुंझुनूं से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इस बार पुलिस नहीं बल्कि एक पुलिसकर्मी ही आरोपी बन गया और उसे पकड़ने के लिए एसीबी की टीम को सड़कों पर दौड़ लगानी पड़ी। मामला चिड़ावा थाना क्षेत्र का है, जहां तैनात ड्राइवर कॉन्स्टेबल अनिल कुमार पर एक वाहन चालक से रिश्वत मांगने का आरोप लगा। आरोप है कि लकड़ी के अवैध परिवहन के मामले में कार्रवाई न करने के बदले वह पैसे मांग रहा था, जिससे परेशान होकर चालक ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत की पुष्टि के बाद जयपुर एसीबी टीम ने जाल बिछाया और प्लान के तहत वाहन चालक को चिन्हित नोट देकर कॉन्स्टेबल के पास भेजा गया। तय योजना के अनुसार जैसे ही चालक ने थाने के बाहर कॉन्स्टेबल को पैसे दिए, एसीबी टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन इसी दौरान मामला अचानक फिल्मी अंदाज में बदल गया और कॉन्स्टेबल पैसे लेकर मौके से भाग निकला।

बताया जा रहा है कि अनिल कुमार तुरंत थाने की जीप में बैठा और तेज रफ्तार में चिड़ावा बाईपास की ओर भागने लगा। एसीबी टीम ने पीछा किया, और इस दौरान एक कर्मचारी लक्ष्मी नारायण जीप के दरवाजे से लटक गया ताकि आरोपी को रोका जा सके। लेकिन कॉन्स्टेबल ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी, जिससे हालात और खतरनाक हो गए।

कुछ दूरी पर जीप एक खड़ी कार से टकरा गई, जिससे दरवाजे पर लटके एसीबी कर्मचारी नीचे गिर पड़े और उन्हें सिर, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घायल कर्मचारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए झुंझुनूं रेफर कर दिया गया।

वहीं आरोपी कॉन्स्टेबल मौके से फरार हो गया है और पुलिस व एसीबी की टीमें उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें पूरा घटनाक्रम साफ दिखाई दे रहा है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जबकि सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

By admin