Ahmedabad Flight Emergency Landing

दमाम से दिल्ली जा रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में बम की धमकी मिलने के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग के मामले में जांच आगे बढ़ गई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम इस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं।

मामला 31 अगस्त का है। दमाम से दिल्ली आ रही एअर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में एक चिट्ठी मिली थी, जिसमें बम से जुड़ी धमकी दी गई थी। चिट्ठी मिलने के बाद विमान को सुरक्षा कारणों से अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उतारा गया।फ्लाइट के अहमदाबाद पहुंचने के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स से पूछताछ की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की भी जांच की, ताकि किसी तरह की संदिग्ध चीज का पता लगाया जा सके।

अब इस मामले में पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। अहमदाबाद पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, एयरलाइंस की को-पायलट की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक को-पायलट के खिलाफ कोई पुख्ता सबूत या अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमकी वाली चिट्ठी विमान के अंदर कैसे पहुंची और इसे किसने रखा था। मामले में पुलिस के साथ FSL की टीम भी सबूतों की जांच कर रही है।

एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि वह इस मामले की जांच में संबंधित सुरक्षा और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है। एयरलाइन ने यह भी कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा से जुड़े किसी भी गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को गंभीरता से लिया जाएगा।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह साफ होगा कि इस धमकी के पीछे कौन था और को-पायलट की इसमें कोई भूमिका थी या नहीं।

By admin