दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए गर्मी से राहत की अच्छी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 2 से 3 दिनों में दिल्ली पहुंच सकता है। अनुमान है कि 3 से 4 जुलाई तक मॉनसून राजधानी में दस्तक दे देगा, जिसके बाद गर्मी और उमस से काफी राहत मिलने की संभावना है।
आमतौर पर दिल्ली में मॉनसून 27 जून के आसपास पहुंच जाता है, लेकिन इस बार इसमें कुछ देरी देखने को मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि अब मॉनसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली तक पहुंचने की संभावना है।
IMD के अनुसार, 1 जुलाई को दिल्ली में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना भी है। इसके बाद 3 और 4 जुलाई तक मॉनसून की एंट्री के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
स्काईमेट वेदर के अनुसार, वर्तमान में एक मौसमी ट्रफ (कम दबाव की रेखा) पंजाब से लेकर उत्तर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। मॉनसून पहले ही उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है।
इसके अलावा बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है, जिसके असर से कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। यह सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, जिससे बिहार से लेकर उत्तर पंजाब तक बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 2 और 3 जुलाई के बीच पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मॉनसून 3 या 4 जुलाई के आसपास दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में पूरी तरह सक्रिय हो सकता है। तब तक राजधानी में केवल छिटपुट बारिश ही देखने को मिल सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय पाकिस्तान की ओर से आने वाली सूखी पछुआ हवाएं तापमान बढ़ा रही हैं। वहीं अरब सागर से आने वाली नमी वाली हवाएं बादल तो बना रही हैं, लेकिन बारिश के लिए पर्याप्त नमी नहीं बन पा रही है। इसी कारण दोपहर के बाद बादल बनने के बावजूद तापमान अधिक बना रहता है और उमस भी बढ़ जाती है।
IMD ने अपने मासिक पूर्वानुमान में बताया है कि जुलाई महीने में पूरे देश में बारिश सामान्य से कम रह सकती है। अनुमान के अनुसार, इस बार जुलाई में लगभग 94% बारिश होने की संभावना है, जबकि सामान्य औसत (LPA) करीब 280.4 मिलीमीटर होता है।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर उत्तर…
राजस्थान की अजमेर स्थित घूघरा हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या…
रास अल खैमाह सिटी, UAE RAK इंटरनेशनल कॉर्पोरेट सेंटर (RAK ICC), जो प्राइवेट वेल्थ और…
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों…
भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने ICC…
सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक…