टैरिफ विवाद के बाद भारत और अमेरिका के रिश्तों को फिर से मजबूत करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इसी बीच एक अहम फैसले में अमेरिका ने भारत की चार कंपनियों पर लगाया गया प्रतिबंध हटा दिया है। यह कदम दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत और कूटनीतिक सुधार की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
अमेरिकी वित्त विभाग ने जिन चार भारतीय कंपनियों को प्रतिबंध सूची (SDN लिस्ट) से बाहर किया है, उनमें शामिल हैं—
हैदराबाद की आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड
लोकेश मशीन्स लिमिटेड (अहमदाबाद)
गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड (अहमदाबाद)
शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड (दिल्ली)
इन कंपनियों को अब स्पेशली डेजिग्नेटेड नेशनल्स (SDN) लिस्ट से हटा दिया गया है।
SDN लिस्ट अमेरिकी वित्त विभाग के तहत आने वाली एक प्रतिबंध सूची है। इस सूची में शामिल कंपनियों या व्यक्तियों की संपत्तियां अमेरिका में फ्रीज कर दी जाती हैं और अमेरिकी कंपनियों को उनसे व्यापार करने की अनुमति नहीं होती।
इन कंपनियों पर यह कार्रवाई लगभग दो साल पहले की गई थी। साल 2024 में अमेरिकी OFAC (ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल) ने रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद लगाए गए प्रतिबंधों के उल्लंघन के आरोप में कई भारतीय संस्थाओं पर कार्रवाई की थी। उस समय कुल 21 भारतीय संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाए गए थे, जिनमें 19 कंपनियां और 2 व्यक्ति शामिल थे।
2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने रूस पर कई प्रतिबंध लगाए थे। इसी दौरान उन कंपनियों पर भी नजर रखी गई, जिन पर रूस को सहयोग देने का आरोप था। यह कार्रवाई उसी व्यापक रणनीति का हिस्सा थी।
इस मामले को लेकर भारत सरकार ने अमेरिका के साथ बातचीत की थी और यह कहा था कि भारत अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करने वाला जिम्मेदार देश है। अब प्रतिबंध हटने को दोनों देशों के बीच सुधारते संबंधों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
इनमें से दो कंपनियां—गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड—स्टॉक मार्केट में सूचीबद्ध हैं। लोकेश मशीन्स का कारोबार कई बड़े अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों के साथ जुड़ा हुआ है, जिनमें अमेरिका की जॉन डीरे और कमिंस, स्वीडन की वोल्वो और जापान की होंडा व सुजुकी जैसी कंपनियां शामिल हैं। वहीं आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज भारत के विमानन क्षेत्र से जुड़ी कंपनी है।
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित गड़बड़ी के मामले को लेकर उत्तर…
राजस्थान की अजमेर स्थित घूघरा हाई सिक्योरिटी जेल में कुख्यात डकैत जगन गुर्जर की हत्या…
रास अल खैमाह सिटी, UAE RAK इंटरनेशनल कॉर्पोरेट सेंटर (RAK ICC), जो प्राइवेट वेल्थ और…
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ ने कई इलाकों…
भारतीय क्रिकेट के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने ICC…
सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव एक…