कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा

सितंबर महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए एलपीजी के मोर्चे पर मिली-जुली खबर लेकर आई है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) ने 1 सितंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ा दी है। वहीं, 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक LPG सिलेंडर के दाम में भी इजाफा किया गया है।

हालांकि, राहत की बात यह है कि घरेलू रसोई गैस यानी 14.2 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी घरों में इस्तेमाल होने वाले सिलेंडर के दाम फिलहाल पहले जैसे ही रहेंगे।

19 किलो वाले सिलेंडर के दाम बढ़े

IOC के मुताबिक, 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में देशभर में बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर ₹2,747.50 में मिलेगा। मुंबई में इसकी कीमत ₹2,701 हो गई है। कोलकाता में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत ₹2,884 हो गई है, जबकि चेन्नई में यह ₹2,916.50 में मिलेगा। बेंगलुरु में सिलेंडर की कीमत बढ़कर ₹2,784 और तिरुवनंतपुरम में ₹2,831 हो गई है। भुवनेश्वर में 19 किलो वाले सिलेंडर का नया दाम ₹2,919, जबकि हैदराबाद में यह ₹2,996 हो गया है। पटना में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत बढ़कर ₹3,029 पहुंच गई है।

5 किलो वाला LPG सिलेंडर भी महंगा

19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के अलावा 5 किलो वाले नॉन-डोमेस्टिक LPG सिलेंडर की कीमत में भी बढ़ोतरी की गई है। इसमें ₹2 प्रति किलो का इजाफा हुआ है। इसके बाद 5 किलो वाला सिलेंडर अब ₹764 में मिलेगा।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम नहीं बदले

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल राहत बरकरार है। तेल कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है। इसका मतलब है कि घर में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले गैस सिलेंडर पर इस बार कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ा है।

ATF की कीमत में भी बढ़ोतरी

1 सितंबर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF की कीमत में भी इजाफा किया गया है। घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF की कीमत ₹6.28 प्रति लीटर बढ़कर ₹121.28 प्रति लीटर हो गई है। ATF की कीमत बढ़ने का असर आगे चलकर विमानन कंपनियों की लागत पर पड़ सकता है।

West Asia Conflict के बीच बढ़ी कीमतें

एलपीजी की कीमतों में यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति और कच्चे तेल की लागत को लेकर दबाव बना हुआ है। IOC का कहना है कि इन चुनौतियों के बीच कंपनी ने LPG उत्पादन में करीब 30 फीसदी की बढ़ोतरी की है। साथ ही उसकी रिफाइनरियां 100 फीसदी से अधिक क्षमता पर चल रही हैं।

ये भी पढ़ें:

सितंबर की शुरुआत में बन रहे 2 शुभ योग, इन 5 राशियों पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा!

By admin