वाराणसी से दिल्ली जा रही Air India Express की फ्लाइट में धुएं का संकेत मिलने के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर एहतियाती लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में 155 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। सभी लोग सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, Air India Express की फ्लाइट IX 1253 वाराणसी से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान के पिछले कार्गो कंपार्टमेंट में धुएं का संकेत मिला। इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया गया।
विमान ने सुबह 8 बजकर 52 मिनट पर लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने विमान की जांच की। टीम ने विमान का विजुअल इंस्पेक्शन किया, लेकिन जांच के दौरान कहीं भी धुआं दिखाई नहीं दिया।
इसके बाद विमान को एयरपोर्ट के स्टैंड पर पार्क किया गया। यात्रियों को विमान से उतारने की प्रक्रिया सुबह 9 बजकर 2 मिनट पर शुरू हुई। फिलहाल शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान में धुएं का संकेत मिलने के बाद एहतियात के तौर पर लखनऊ में लैंडिंग कराई गई थी। राहत की बात यह है कि फ्लाइट में सवार सभी 155 यात्री और क्रू सुरक्षित हैं।
