दोहा से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट को गुरुवार को मेडिकल इमरजेंसी के चलते मस्कट डायवर्ट करना पड़ा। फ्लाइट में सवार एक क्रू मेंबर की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद पायलट ने विमान को ओमान की राजधानी मस्कट ले जाने का फैसला किया।
जानकारी के मुताबिक, IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 3 सितंबर को दोहा से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान एक क्रू मेंबर को तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत पड़ी। स्थिति को देखते हुए पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट का रूट बदल दिया और विमान को मस्कट एयरपोर्ट पर उतारा गया।
मस्कट में सुरक्षित उतरा विमान
विमान ने मस्कट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद वहां मौजूद मेडिकल टीम ने बीमार क्रू मेंबर की जांच की और उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता दी। एयरलाइन के मुताबिक, अब क्रू मेंबर की हालत बेहतर है।
यात्रियों को हुई परेशानी
फ्लाइट के अचानक डायवर्ट होने के कारण यात्रियों को मस्कट एयरपोर्ट पर कुछ समय रुकना पड़ा। IndiGo की ओर से यात्रियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई और उन्हें फ्लाइट से जुड़ी जानकारी लगातार दी गई। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नया क्रू तैयार किया गया है। हालांकि, अभी बेंगलुरु पहुंचने के समय को लेकर कोई नया अनुमान जारी नहीं किया गया है।
IndiGo ने यात्रियों से मांगी माफी
IndiGo ने कहा कि फ्लाइट को मस्कट डायवर्ट करने का फैसला यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था। एयरलाइन ने रूट बदलने की वजह से यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया और उनसे माफी मांगी।
