दिल्ली-NCR में रविवार को बारिश नहीं होने की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक-दो दिन भी मौसम कुछ ऐसा ही रह सकता है। इस दौरान हल्की या बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है, लेकिन बारिश से उमस और बढ़ सकती है। हालांकि, 19 और 20 अगस्त को दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली में सामान्य से ज्यादा रहा तापमान
रविवार यानी 16 अगस्त को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा है। वहीं, अधिकतम तापमान करीब 34.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक है।
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार 17 अगस्त को दिल्ली में आसमान में ज्यादातर बादल छाए रह सकते हैं। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश हो सकती है। वहीं शाम और रात के समय भी बहुत हल्की से हल्की बारिश का एक दौर आने की संभावना है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
दिन में दक्षिण-पूर्व दिशा से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। शाम के समय हवा की रफ्तार थोड़ी कम होकर 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है।
नमी ने बढ़ाई उमस
पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई। कुछ जगहों पर गरज और बिजली चमकने की घटनाएं भी हुईं। इस दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई, जबकि अधिकतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं आया। हवा में नमी का स्तर अधिकतम 86 फीसदी और न्यूनतम 63 फीसदी दर्ज किया गया, जिसके कारण लोगों को उमस महसूस हुई। हालांकि, दक्षिण-पश्चिम दिशा से चल रही 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं ने गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी।
