हरियाणा

हरियाणा भी झेल रहा ‘मानसून की मार’!, हिसार और भिवानी में टूटी नहर, हुआ जलभराव, पंचकूला में पुल बहा, शिमला-कालका ट्रैक ठप

हरियाणा भी झेल रहा ‘मानसून की मार’!

उत्तर भारत में इस समय मानसून ने कहर बरपा रहा है। हरियाणा, हिमाचल और आसपास के राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने लोगों के जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। नदियां उफान पर हैं, नहरें और माइनर टूट चुकी हैं, पुल बह गए हैं और रेलमार्ग तक बाधित हो चुके हैं

सबसे ज्यादा प्रभावित इलाके हरियाणा के हिसार, भिवानी, फतेहाबाद, पंचकूला और यमुनानगर हैं, जबकि हिमाचल में शिमला-कालका ट्रैक पर भूस्खलन से सभी ट्रेनें रोकनी पड़ी हैं।

दरअसल हिसार जिले में भारी बारिश के बाद पांच जगहों पर नहरें टूट गईं। आर्थनगर, मात्रप्रयाग, शाहपुर और घिराय जैसे इलाकों में पानी भरने से हजारों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है। जिन खेतों में धान और कपास की फसल लहलहा रही थी, वहां अब पानी ही पानी नजर आ रहा है।

किसान मायूस हैं क्योंकि बरसात ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। हांसी-बरवाला स्टेट हाईवे भी जलभराव के कारण बंद कर दिया गया है। गांव चानौत के पास सड़क पर पानी भरने की वजह से वाहन की आवाजाही रूक गई है। लोग मजबूरी में ट्रैक्टर-ट्रॉली और नाव जैसी अस्थायी सुविधाओं से आवागमन कर रहे हैं।

वहीं भिवानी जिले में तोशाम के पास भुरटाना माइनर टूट गई। इससे न सिर्फ 100 एकड़ में खड़ी फसलें डूब गईं, बल्कि गांवों में पानी भरने से लोगों के घरों में भी भारी नुकसान हुआ है। तोशाम-सिवानी मार्ग पर बने रजवाहे के ओवरफ्लो होने से सड़क यातायात भी ठप पड़ गया है।

लोहारू क्षेत्र की 110 साल पुरानी ऐतिहासिक इमारत का एक हिस्सा भी बारिश की वजह से भरभराकर गिर गया। वहीं पंचकूला जिले में धग्घर नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से मोरनी क्षेत्र के खरुनी गांव में बना फुट ओवरब्रिज बह गया। पुल बहने से ग्रामीणों का संपर्क पूरी तरह टूट गया है। अब गांव के लोग नावों और रस्सियों के सहारे पार जाने को मजबूर हैं

गौरतलब ये है कि हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बरसात के कारण शिमला-कालका रेलवे लाइन पर जगह-जगह भूस्खलन हुआ है। ये रेलमार्ग विश्व धरोहर के रूप में प्रसिद्ध है, लेकिन भारी मलबा आने से पटरियां पूरी तरह ढक गई हैं। रेलवे ने 5 सितंबर तक इस मार्ग पर सभी ट्रेनें रद्द करने का निर्णय लिया है।

साथ ही जम्मू रेल खंड में कठुआ और माधोपुर के बीच रेल पुल की मरम्मत न होने से रेलवे ने 69 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। वहीं 17 ट्रेनें बीच रास्ते से ही रद्द करनी पड़ीं और कुछ को छोटे रूट पर चलाया जा रहा है। दिल्ली से कटरा और कोलकाता से जम्मू जाने वाली कुछ ट्रेनों को जम्मू स्टेशन तक सीमित कर दिया गया है।

वहीं यमुनानगर जिले में यमुना नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। कैत-मंडी गांव में खेतों से पानी सड़क पर आ गया है। दो से तीन फीट पानी भरने से सड़कें पूरी तरह बंद हो गई हैं। गांववालों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को ही सहारा बना लिया है और इन्हीं के जरिए लोगों को एक छोर से दूसरे छोर ले जाया जा रहा है। पानीपत जिले के सनीली क्षेत्र में यमुना का पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है।

रहीमपुर खेड़ी गांव का संपर्क कट गया है और लगभग 15 हजार एकड़ में फसलें डूब चुकी हैं। प्रशासन लगातार तटबंधों का निरीक्षण कर रहा है। वहीं फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पानी घुसने से बिजली पैनल खराब हो गया। डॉक्टरों को मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में मरीजों का इलाज करना पड़ा।

कुलां गांव में दो मकानों का हिस्सा गिर गया। सिरसा में भी कई मकानों में दरारें आ गईं और लोग सुरक्षित जगहों की ओर पलायन करने लगे।लगातार भारी बरसात के चलते हिसार जिले के 10 सरकारी स्कूलों में पानी भर गया, जिससे उन्हें बंद करना पड़ा।

प्रशासन ने हाई अलर्ट देते हुए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। पंचायत सचिवों और पटवारियों को रोजाना रिपोर्ट भेजने को कहा गया है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।

मौसम विभाग ने अगले 24 से 36 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 2 सितंबर तक ऑरेंज अलर्ट है। 4 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहेगा। उसके बाद थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन सितंबर माह में औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। दक्षिण हरियाणा के कई हिस्से विशेष रूप से प्रभावित हो सकते हैं।

admin

Recent Posts

टीबी के खिलाफ लड़ाई में आगे आएं, बनें किसी मरीज की उम्मीद

टीबी के खिलाफ लड़ाई में आगे आएं, बनें किसी मरीज की उम्मीद जशपुर में विशेष…

42 minutes ago

बीमारी रोकने की ताक़त आपके पास, संदिग्ध मामलों की सूचना सीधे सरकार तक पहुंचाएं

बीमारी रोकने की ताक़त आपके पास, संदिग्ध मामलों की सूचना सीधे सरकार तक पहुंचाएं किसी…

42 minutes ago

CGPSC घोटाले में पूर्व सचिव को नहीं मिली जमानत, हाईकोर्ट बोला- ‘पेपर लीक हत्या से भी अधिक जघन्य अपराध’

बिलासपुर. हाईकोर्ट ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा-2021 में हुए प्रश्नपत्र लीक…

43 minutes ago

कोरिया मास्टर्स में तन्वी शर्मा की शानदार जीत, श्रीकांत पहले दौर में हुए बाहर

आसन (द. कोरिया) ताइपे ओपन चैंपियन तन्वी शर्मा ने कोरिया मास्टर्स सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट…

43 minutes ago

थाईलैंड में फुटबॉल मैच के दौरान गिरी बिजली, खिलाड़ी की मौत 12 घायल

नई दिल्ली  दक्षिणी थाईलैंड में हुई दुखद घटना में एक खिलाड़ी की दर्दनाक मौत हो…

44 minutes ago