हरियाणा सरकार ने बेरोजगार युवाओं को दी बड़ी सौगातहरियाणा सरकार ने बेरोजगार युवाओं को दी बड़ी सौगात

हरियाणा सरकार ने बेरोजगार युवाओं को दी बड़ी सौगात

 

हरियाणा सरकार ने बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में 103 तरह की भर्तियों को मंजूरी दे दी गई है। अब राज्य के अलग-अलग विभागों में कुल 6377 पदों पर ज्वाइनिंग लेटर जल्द ही जारी किए जाएंगे

इस फैसले से लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं को राहत मिलेगी। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और जिन उम्मीदवारों को चयनित किया गया है, उन्हें समय पर कार्यभार ग्रहण पत्र उपलब्ध कराया जाए।

सरकार ने जिन पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी दी है, उनमें सबसे अधिक संख्या क्लर्क के पदों की है। विभिन्न विभागों में 3240 क्लर्क भर्ती किए जाएंगे। इसके अलावा शिक्षा विभाग में शिक्षकों की बड़ी संख्या में नियुक्तियां होने जा रही हैं।

WhatsApp Image 2025 09 19 at 11.15.27 AM

 

जिसमें 835 टीजीटी, 112 पीजीटी और 1820 पीआरटी शामिल है। साथ ही परिवहन विभाग में 370 भारी वाहन चालक भी जल्द नियुक्त होंगे। इस तरह से शिक्षा और परिवहन दोनों ही सेक्टर में रोजगार के नए अवसर सामने आएंगे

जिससे साफ है कि, सरकार की प्राथमिकता शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करना है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों की नियुक्ति और कार्यमुक्ति से जुड़े नियम भी सख्त कर दिए हैं।

अब किसी भी विभागाध्यक्ष को ये सुनिश्चित करना होगा कि, जब किसी कर्मचारी की सेवा अवधि समाप्त हो, तो उसकी जानकारी समय पर पोर्टल पर डाली जाए। वहीं 15 दिन के भीतर रिपोर्ट अपडेट करनी होगी। अगर विभाग समय पर जवाब नहीं देता है, तो माना जाएगा कि कर्मचारी की कार्यमुक्ति पर कोई आपत्ति नहीं है। ऐसे मामलों में कर्मचारी को स्वतः पोर्टल से हटा दिया जाएगा।

इससे कर्मचारियों की स्थिति को लेकर पारदर्शिता बनी रहेगी और विभागों की जिम्मेदारी भी तय होगी। हरियाणा में अस्थायी भर्ती की सबसे ज्यादा जरूरत सिंचाई विभाग और बिजली निगम में होती है। इन विभागों में अक्सर 3 से 6 महीने की अवधि के लिए कर्मचारी रखे जाते हैं।

इसके अलावा मंडियों में फसल खरीद सीजन के दौरान भी बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति की जाती है। HKRNL ने अब ये आदेश दिया है कि, ऐसी सभी नियुक्तियों की जानकारी और कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की स्थिति पोर्टल पर समय पर डालना अनिवार्य होगा।

वहीं सरकार का ये कदम बेरोजगार युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। 6377 पदों की भर्ती से न केवल हजारों परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी बल्कि राज्य के प्रशासनिक और शैक्षिक ढांचे को भी मजबूत किया जाएगा।

ऐसे में विशेषज्ञ की माने तो, इन भर्तियों का सीधा असर शिक्षा प्रणाली पर पड़ेगा क्योंकि सबसे ज्यादा संख्या शिक्षकों की भर्ती की जा रही है। वहीं परिवहन और क्लर्क की भर्तियों से सरकारी कामकाज की गति भी तेज होगी।

हरियाणा सरकार ने ये साफ संदेश दिया है कि, वे बेरोजगारी को कम करने और युवाओं को रोजगार देने के लिए गंभीर है। बड़ी संख्या में मंजूर हुई भर्तियां राज्य की रोजगार नीति को मजबूती देने वाली साबित होंगी।