पहले गोली और अब कृपाण से हमला... पूर्व डिप्टी CM सुखबीर बादल पर निहंग ने किया अटैक

महाराष्ट्र के नांदेड़ में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुखबीर सिंह बादल पर हमले की खबर से हड़कंप मच गया। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे नांदेड़ के माता साहिब कौर इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे में एक व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

हमले में सुखबीर सिंह बादल के दाहिने हाथ में चोट लगी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए यशोसाई अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत को लेकर शुरुआती जानकारी में चोट को हल्का बताया गया है।

गुरुद्वारे में अचानक हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, सुखबीर सिंह बादल निजी दौरे पर नांदेड़ पहुंचे थे और गुरुद्वारे में मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक परिसर में पहुंचा और कथित तौर पर कृपाण से बादल पर हमला कर दिया। सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत हमलावर को पकड़ लिया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

नांदेड़ के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले ने बताया कि बादल के दौरे के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। हमले में बादल को मामूली चोट आई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में एक पुलिस इंस्पेक्टर को भी हल्की चोट लगी। घटना के बाद बादल की सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

सुखबीर बादल पर पहले भी हो चुका है हमला

सुखबीर सिंह बादल पर हमला होने का यह पहला मामला नहीं है। दिसंबर 2024 में भी अमृतसर के हरमंदिर साहिब परिसर में उन पर गोली चलाने की कोशिश की गई थी। उस घटना में वह बाल-बाल बच गए थे। 4 दिसंबर 2024 को सुखबीर बादल हरमंदिर साहिब के घंटाघर प्रवेश द्वार पर सेवा कर रहे थे। पैर में फ्रैक्चर होने के कारण वह व्हीलचेयर पर बैठे थे। उन्होंने नीली सेवादार की वर्दी पहन रखी थी और हाथ में भाला था।

गोली चलाने की कोशिश कैसे हुई थी?

घटना के दौरान नारायण सिंह चौड़ा नाम का व्यक्ति गुरुद्वारा परिसर में पहुंचा था। वह धीरे-धीरे सुखबीर बादल के पास गया और कुछ दूरी से पिस्तौल निकालकर गोली चलाने की कोशिश की। वहां तैनात पंजाब पुलिस के एएसआई जसबीर सिंह ने हमलावर की हरकत को समय रहते देख लिया। उन्होंने उसका हाथ ऊपर की ओर धकेल दिया। इसी दौरान गोली चल गई, लेकिन निशाना चूक गया और गोली पीछे की दीवार में जा लगी। मौके पर मौजूद सेवादारों और अन्य लोगों ने तुरंत हमलावर को पकड़ लिया और उसका हथियार अपने कब्जे में ले लिया।

नांदेड़ हमले के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

नांदेड़ की ताजा घटना के बाद सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। पुलिस हमलावर से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले के पीछे उसकी क्या मंशा थी।

ये भी पढ़ें:

By admin