साइबर सिटी गुरुग्राम में अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ डीटीपी इंफोर्समेंट का अभियान जारी है। पिछले तीन दिनों से टीम शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर अवैध निर्माण, सरकारी जमीन पर कब्जे और बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन बोर्ड के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
इसी अभियान के दौरान अशोक विहार फेज-2 से एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में डीटीपी इंफोर्समेंट के नोडल अधिकारी R.S. भाठ और एक व्यक्ति के बीच अतिक्रमण को लेकर तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।
‘मैं कोई चुन्नू-मुन्नू अफसर नहीं हूं’
वीडियो में R.S. भाठ काफी सख्त अंदाज में नजर आ रहे हैं। मौके पर कब्जे को लेकर बातचीत के दौरान उन्होंने संबंधित व्यक्ति को कड़ी चेतावनी दी। इसी दौरान उन्होंने कहा, ‘मैं कोई चुन्नू-मुन्नू अफसर नहीं हूं… I am R.S. Baith.’ उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा सकती है और पूरी बिल्डिंग तक गिराई जा सकती है। उनके इस बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
सड़क और ग्रीन बेल्ट पर कब्जे पर सख्ती
R.S. भाठ ने मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों के सामने साफ किया कि सड़क, सरकारी जमीन या ग्रीन बेल्ट पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे स्थानों की पहचान कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए। बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन बोर्ड को लेकर भी उन्होंने सख्त रुख अपनाया।
उनका कहना था कि शहर में नियम सभी के लिए एक जैसे हैं। कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करता है या बिना अनुमति विज्ञापन लगाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी काम में दखल पर भी चेतावनी
अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग नियमों की आड़ लेकर सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश करते हैं। उन्होंने साफ कहा कि सरकारी काम में किसी भी तरह की दखलंदाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई अधिकारी या नागरिक नियमों के खिलाफ काम करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन से जारी है अभियान
डीटीपी इंफोर्समेंट की टीम पिछले तीन दिनों से गुरुग्राम के अलग-अलग इलाकों में अभियान चला रही है। इस दौरान अवैध कब्जों, निर्माण और बिना अनुमति लगाए गए विज्ञापन बोर्ड को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
