फरीदाबाद के सेक्टर-8 स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। देर रात एक चोर मंदिर में घुसकर हनुमान जी की प्रतिमा से करीब 6 किलो चांदी का छत्र और मुकुट चोरी कर ले गया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना देर रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। चोर मंदिर के हवन कुंड की तरफ बने छोटे गेट से अंदर दाखिल हुआ और सीधे मंदिर परिसर में पहुंचा। उसने पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे को गमछे से ढक रखा था।
सुबह पुजारियों को मिली चोरी की जानकारी
सुबह जब मंदिर खोला गया तो पुजारियों को चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद मंदिर के प्रधान को इसकी सूचना दी गई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की जानकारी दी। मंदिर प्रशासन के अनुसार, चोर ने भगवान हनुमान की प्रतिमा पर चढ़ा चांदी का छत्र और मुकुट चोरी किया है, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मंदिर में प्रवेश करता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं, मंदिर के पुजारी ने आशंका जताई है कि चोरी की वारदात को किसी जानकार व्यक्ति ने अंजाम दिया हो सकता है, क्योंकि आरोपी को मंदिर के रास्तों और व्यवस्था की जानकारी थी।
जल्द गिरफ्तारी का दावा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। चौकी इंचार्ज ने दावा किया है कि मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
