दिल्ली की 7 सीट पर थम गया चुनाव प्रचार, इस इलाके में ये रहे बड़े मुद्दे…

25 मई को लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 57 लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे. इस चरण में जिन सीटों पर मतदान होगा उनमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सात लोकसभा सीटें भी शामिल हैं। केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली की सात सीटों के लिए चुनाव प्रचार खत्म हो गया है. देश की सरकार चुनने के लिए हो रहे इस चुनाव में राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर तो खूब उत्साह था, लेकिन विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों में स्थानीय मुद्दे भी हावी रहे.

चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता आम आदमी पार्टी और केजरीवाल सरकार को भ्रष्टाचार और शराब घोटाले को लेकर घेरते नजर आए. कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाती रही, केंद्र शासित प्रदेश की सरकार के कामकाज में बाधा डालने के आरोप लगा बीजेपी पर हमले करती रही. दिल्ली की किस सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान क्या बड़े मुद्दे रहे?

चांदनी चौक लोकसभा सीट से बीजेपी ने इस बार नए चेहरे प्रवीण खंडेलवाल को टिकट दिया है. बीजेपी के प्रवीण के खिलाफ विपक्षी इंडिया गठबंधन की ओर से कांग्रेस ने जयप्रकाश अग्रवाल को. चांदनी चौक में प्रचार के दौरान स्थानीय मुद्दे अधिक हावी नजर आए. बिजली और पानी के साथ ही तारों के जंजाल का मुद्दा छाया रहा. इस बार के चुनाव में कारोबारियों की समस्याओं से लेकर पार्किंग और साफ-सफाई तक मुद्दा बने.

उत्तर पूर्वी दिल्ली

उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने दो बार के सांसद मनोज तिवारी को तीसरी बार मैदान में उतारा है. इस सीट से विपक्षी गठबंधन की ओर से कांग्रेस के टिकट पर कन्हैया कुमार चुनाव लड़ रहे हैं. दिल्ली की इस लोकसभा सीट पर दो पूर्वांचलियों की लड़ाई में बाहरी का मुद्दा भी छाया रहा. इस सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान कनेक्टिविटी और जाम की समस्या के साथ ही साफ-सफाई, पार्किंग, चिकित्सा, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और सीवर जैसे मुद्दे खूब उठे. अरविंद केजरीवाल ने चुनाव प्रचार के दौरान मनोज तिवारी का नाम लिए बिना कहा कि रिंकिया के पापा को हराना है. मनोज तिवारी और बीजेपी ने इसे बेटी के पिता, नारी के सम्मान से जोड़ दिया है.

पूर्वी दिल्ली

पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने इस बार हर्ष मल्होत्रा को मैदान में उतारा है. बीजेपी का हर्ष का मुकाबला इंडिया ब्लॉक की ओर से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुलदीप कुमार से है. कुलदीप कोंडली से विधायक भी हैं. पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में हर चुनाव की तरह इस बार भी गाजीपुर लैंडफिल साइट का मुद्दा छाया रहा. जीएसटी और सीलिंग की समस्या के साथ ही कच्ची कॉलोनियों को नियमित करने और बुनियादी ढांचे के विकास का मुद्दा भी उठा. इस लोकसभा क्षेत्र में बिजली, पीने का साफ पानी, परिवहन और सड़कें भी चुनावी मुद्दा बने.

नई दिल्ली

नई दिल्ली लोकसभा सीट पर इस बार दो वकीलों की लड़ाई है. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी और पेशे से वकील बांसुरी स्वराज बीजेपी के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं तो वहीं इंडिया ब्लॉक की ओर से आम आदमी पार्टी ने भी वकील सोमनाथ भारती को टिकट दिया है. दोनों ही उम्मीदवारों का ये पहला लोकसभा चुनाव है. नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में व्यापारियों की समस्याओं के साथ ही पानी, सीवर और पार्किंग के मुद्दे चुनाव प्रचार के दौरान हावी नजर आए.

उत्तर पश्चिमी दिल्ली

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की उत्तर पश्चिमी दिल्ली सीट सुरक्षित सीट है. इस सीट से बीजेपी ने योगेंद्र चंदोलिया को उम्मीदवार बनाया है. इंडिया ब्लॉक की ओर से कांग्रेस के टिकट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री उदित राज चुनाव मैदान में हैं. चुनाव प्रचार के दौरान इस लोकसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग मुद्दों का जोर नजर आया. व्यापारियों की समस्याओं के साथ ही कहीं जलजमाव की समस्या चुनावी मुद्दा बनी तो कहीं कच्ची कॉलोनियों को नियमित करना. ग्रामीण इलाकों में कनेक्टिविटी और मेट्रो के साथ ही कॉलेज की स्थापना और जमीन का सर्कल रेट भी चुनावी मुद्दा बने.

पश्चिमी दिल्ली

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट पर मुकाबला आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे पूर्व सांसद महाबल मिश्रा और बीजेपी उम्मीदवार कमलजीत सेहरावत के बीच है. महाबल मिश्रा सांसद रहते कराए गए अपने कार्यों के साथ ही केजरीवाल सरकार के काम पर वोट मांग रहे हैं तो वहीं कमलजीत सेहरावत भी दक्षिणी दिल्ली नगर निगम का मेयर रहते कराए गए काम गिना मोदी की गारंटी के नाम पर वोट मांग रही हैं. चुनाव प्रचार के दौरान इलाके में पानी और सीवर के साथ ही कनेक्टिविटी का मुद्दा भी छाया रहा.

दक्षिणी दिल्ली

दक्षिणी दिल्ली लोकसभा सीट से बीजेपी ने रामवीर सिंह बिधूड़ी को टिकट दिया है तो वहीं इंडिया ब्लॉक की ओर से आम आदमी पार्टी के सही राम पहलवान पर दांव लगाया है. इस लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान पेयजल के साथ ही सीवर, शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था और कच्ची कॉलोनियों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव भी मुद्दा बने. कनेक्टिविटी का मुद्दा भी प्रचार के दौरान छाया रहा.

हर क्षेत्र में रहे ये मुद्दे

स्थानीय स्तर पर स्थानीय समस्याएं, स्थानीय मुद्दे छाए ही रहे, कुछ मुद्दे ऐसे भी रहे जिनका शोर चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली की हर सीट पर सुनाई दिया. बीजेपी पूरे प्रचार के दौरान शराब घोटाले और भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी और केजरीवाल सरकार को घेरती नजर आई, मोदी सरकार में हुए विकास के काम गिनाती नजर आई. वहीं, आम आदमी पार्टी केजरीवाल की गिरफ्तारी को मुद्दा बना बीजेपी पर हमलावर रही. आम आदमी पार्टी ने पूरी दिल्ली में जेल का जवाब वोट से कैंपेन चलाया.

admin

Recent Posts

जयपुर में “सहकार से समृद्धि” पर पहली क्षेत्रीय कार्यशाला, सहकारी सुधारों को मिलेगी नई रफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सहकार से समृद्धि” विज़न को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय सहकारी…

16 hours ago

राघव चड्ढा पर केजरीवाल की सामने आई पहली प्रतिक्रिया

राघव चड्ढा समेत 6 सांसदों के पार्टी छोड़ने से आम आदमी पार्टी को बड़ा सियासी…

20 hours ago

वक्त से पहले होगी बारिश, देश में समय से पहले मानसून देगा दस्तक ! IMD ने दी जानकारी

अप्रैल की शुरुआत से ही देश के कई राज्यों में गर्मी ने तेजी पकड़ ली…

21 hours ago

राघव चड्ढा ने छोड़ी AAP, दो तिहाई सांसदों के साथ BJP में होंगे शामिल

AAP में बड़ी फूट की खबर सामने आई है। 'आम आदमी पार्टी' के संस्थापक सदस्य…

21 hours ago

कंसाई नेरोलैक ने अपने पेंट को भारतीय इतिहास के सबसे कठिन टेस्ट से पार किया

मुंबई, महाराष्ट्र, भारत कुछ लोग सिर्फ दावे करते हैं और कुछ लोग दावे साबित करते…

21 hours ago

राजधानी देहरादून में निकाली गई ‘महिला जन आक्रोश रैली’, CM धामी भी हुए शामिल

देहरादून में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली, जहां…

22 hours ago