बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं और अलग-अलग स्तर पर बैठकें कर स्थिति को समझने की कोशिश में जुटे हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को वह जेडीयू के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री अशोक चौधरी के आवास पहुंचे, जहां पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को और बढ़ा दिया।
इस मुलाकात के दौरान सम्राट चौधरी, अशोक चौधरी और नीतीश कुमार के बीच मौजूदा राजनीतिक हालात और संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर बातचीत हुई। बैठक में डिप्टी सीएम और जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। इसे इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि नई सरकार बनने के बाद अब तक मंत्रिमंडल का पूरा विस्तार नहीं हो सका है।
इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एक अणे मार्ग स्थित सीएम आवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने परिसर का निरीक्षण किया। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार ने हाल ही में यह सरकारी आवास खाली किया है, जिसके बाद नए मुख्यमंत्री ने वहां स्थिति का जायजा लिया।
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री जल्द ही दिल्ली का दौरा भी कर सकते हैं, जहां उनकी मुलाकात बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस बैठक में कैबिनेट विस्तार और विभागों के बंटवारे पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।
इस बीच हाल ही में जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और बीजेपी नेता नितिन नवीन की दिल्ली में हुई मुलाकात को भी इस राजनीतिक हलचल से जोड़कर देखा जा रहा है।
फिलहाल बिहार सरकार में मुख्यमंत्री के अलावा केवल दो डिप्टी सीएम ही शामिल हैं, ऐसे में जल्द कैबिनेट विस्तार की उम्मीदें और तेज हो गई हैं।
