image 123

कांग्रेस पार्टी देशभर में एक नया अभियान “भारत जोड़ो संविधान अभियान” शुरू करने जा रही है। यह अभियान राहुल गांधी की “भारत जोड़ो यात्रा” के बाद पार्टी का एक और बड़ा कदम होगा। अभियान की शुरुआत 26 नवंबर को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से की जाएगी और यह अभियान दो महीने तक चलेगा, जो 26 जनवरी तक जारी रहेगा।

कांग्रेस के ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और हरियाणा कांग्रेस नेता अजय सिंह यादव ने चंडीगढ़ में इस अभियान की घोषणा की। यादव ने बताया कि इस अभियान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी हिस्सा लेंगे। यह अभियान देश में सामाजिक न्याय, समानता और जाति जनगणना की मांग को प्रमुखता से उठाएगा।

image 123

अजय यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार जाति जनगणना नहीं करवा रही है, जिससे विभिन्न वर्गों के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है, जो देश के अधिकांश संसाधनों और संपत्ति पर कब्जा किए हुए हैं।

इस अभियान का आयोजन कांग्रेस के एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा किया जाएगा। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर संगोष्ठियों का आयोजन कर लोगों को भाजपा की नीतियों के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। यादव ने सवाल उठाया कि जब हाथी और बाघ की गिनती होती है, तो जाति जनगणना क्यों नहीं हो सकती?

अजय यादव ने यह भी बताया कि 26 नवंबर का दिन अभियान की शुरुआत के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन 1950 में डॉ. बीआर अंबेडकर ने संविधान का अंतिम मसौदा संविधान सभा को प्रस्तुत किया था।

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार पर अजय यादव की टिप्पणी

हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार पर अजय यादव ने कहा कि पार्टी को ओबीसी उम्मीदवारों को कम टिकट देने की वजह से नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ वरिष्ठ नेताओं के चुनाव प्रचार से दूर रहने से भी हार का सामना करना पड़ा। टिकट वितरण पर सवाल उठाते हुए यादव ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उम्मीदवारों के चयन में गलती की, जिससे पार्टी को हरियाणा में हार का सामना करना पड़ा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *