बेअदबी विवाद पर बोले भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बेअदबी विवाद को लेकर कांग्रेस, बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधा है। मोहाली में गुरुवार को मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दल उन्हें राजनीतिक रूप से बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।

सीएम भगवंत मान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, बीजेपी और अकाली दल तीनों पार्टियां मिलकर उनके खिलाफ माहौल बनाने में लगी हुई हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी दल उनसे राजनीतिक रूप से हार चुके हैं, इसलिए अब उन्हें बदनाम करने के लिए नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे बदनाम करने के लिए एक फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है। यह वीडियो पूरी तरह झूठा है और इसका मकसद मेरी छवि खराब करना है।”

उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों में उनका नाम जोड़कर उन्हें बदनाम करने की साजिश रची गई है। उन्होंने दावा किया कि वायरल वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जा सकती है।

भगवंत मान ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस तरह के फर्जी वीडियो और गलत जानकारी फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि सच सामने आने पर सभी आरोप बेबुनियाद साबित होंगे। सीएम मान ने यह भी कहा कि वह श्री अकाल तख्त की मर्यादा और उसके सभी नियमों का सम्मान करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका हमेशा से धार्मिक संस्थाओं के प्रति सम्मान रहा है और भविष्य में भी रहेगा।

मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर बेअदबी विवाद और वायरल वीडियो को लेकर बहस तेज हो गई है। वहीं, विपक्षी दल लगातार इस मुद्दे को उठाकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

By admin