बांग्लादेशी सांसद की भारत से अपील, कहा- शुभेंदु अधिकारी के बयानों पर लगे रोक

भारत और बांग्लादेश के संबंधों को लेकर बांग्लादेश की संसद में एक दिलचस्प चर्चा देखने को मिली। सत्तारूढ़ बीएनपी (BNP) के सांसद जीएम सिराज ने भारत सरकार से पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी के बयानों पर रोक लगाने की अपील की है। उनका कहना है कि इस तरह के बयान दोनों देशों के रिश्तों को प्रभावित कर सकते हैं।

2026-27 के प्रस्तावित बजट पर चर्चा के दौरान बांग्लादेशी संसद में बोलते हुए जीएम सिराज ने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच दोस्ती और सहयोग का रिश्ता बना रहना चाहिए। उन्होंने स्पीकर के माध्यम से भारत सरकार से अनुरोध किया कि ऐसे बयानों पर ध्यान दिया जाए जो दोनों देशों के संबंधों में तनाव पैदा कर सकते हैं।

सांसद ने कहा कि बांग्लादेश और भारत केवल पड़ोसी देश ही नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच लंबे समय से सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों का रिश्ता ऐसा होता है जिसे खत्म नहीं किया जा सकता।

जीएम सिराज ने अपने संबोधन में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की वर्तमान राजनीति में शेख हसीना अब कोई प्रमुख भूमिका नहीं निभा रही हैं और देश की राजनीति नए दौर में प्रवेश कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश के बीच संबंधों को सम्मान और आपसी विश्वास के आधार पर आगे बढ़ाना जरूरी है। सोशल मीडिया और राजनीतिक बयानों के जरिए पैदा होने वाले विवाद दोनों देशों के हित में नहीं हैं।

सांसद ने भारत से सीमा से जुड़े मुद्दों पर भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कथित तौर पर बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजे जाने के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि इस विषय पर दोनों देशों को बातचीत के जरिए समाधान निकालना चाहिए। जीएम सिराज ने जोर देकर कहा कि न तो भारत विरोधी माहौल बनना चाहिए और न ही बांग्लादेश विरोधी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के बीच विश्वास और दोस्ती मजबूत होना समय की जरूरत है।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में भारत में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। कई राज्यों में पहचान अभियान चलाकर अवैध प्रवासियों को हिरासत में लिया गया है। इसी मुद्दे को लेकर दोनों देशों के बीच समय-समय पर बयानबाजी भी देखने को मिलती रही है।

ये भी पढ़ें:

By admin