अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अफगानिस्तान ने दावा किया है कि उसकी वायु सेना ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में मौजूद कई आतंकी ठिकानों पर ड्रोन हमले किए हैं।
अफगानिस्तान के अनुसार, ये हमले उन ठिकानों पर किए गए जहां कथित तौर पर ISIS से जुड़े आतंकवादी सक्रिय थे। अफगान अधिकारियों का कहना है कि इन ठिकानों का इस्तेमाल अफगानिस्तान के खिलाफ हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने के लिए किया जाता था।
अफगानिस्तान ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ विदेशी खुफिया नेटवर्क की मदद से इन ठिकानों का उपयोग लंबे समय से आतंकवादी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। उनका दावा है कि यहां से पहले भी कई घातक हमलों की योजना बनाई गई थी और उन्हें संचालित किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, ड्रोन हमलों में बलूचिस्तान के किला अब्दुल्ला जिले के गुलिस्तान क्षेत्र में स्थित कई स्थानों को निशाना बनाया गया। हालांकि, इन हमलों में हुए नुकसान या हताहतों की संख्या को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पार हमलों और सुरक्षा मुद्दों को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। अफगानिस्तान का आरोप है कि पाकिस्तान की ओर से उसके क्षेत्रों पर लगातार हमले किए जा रहे थे। इसके बाद अफगान अधिकारियों ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। ताजा ड्रोन हमलों को उसी चेतावनी के बाद की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि पाकिस्तान की ओर से अभी तक इन दावों पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ये भी पढ़ें:
