‘कुत्ते के गले में घंटी बांध दें तो भी उसी को वोट’, सपा MLC के बयान पर सियासी घमासान

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज होने के साथ ही नेताओं के बयानों को लेकर सियासत भी गर्माने लगी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के MLC लाल बिहारी यादव के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है।

शिक्षकों की एक बैठक के दौरान लाल बिहारी यादव ने कहा कि अगर अखिलेश यादव किसी कुत्ते के गले में भी घंटी बांध दें, तो पार्टी के लोगों को उसी को वोट देना है। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई।

बीजेपी ने सपा पर साधा निशाना

सपा MLC के बयान को लेकर बीजेपी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। बीजेपी नेता आलोक अवस्थी ने तंज कसते हुए कहा कि जल्द ही सपा कार्यालय के बाहर कई कुत्ते पट्टा बांधकर खड़े दिखाई देंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए इससे बड़ा अपमान कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

सपा ने किया बचाव

विवाद बढ़ने के बाद समाजवादी पार्टी की ओर से लाल बिहारी यादव के बयान का बचाव किया गया। सपा नेता दीपक रंजन ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास हर नेता का रिकॉर्ड होता है। किसने क्या कहा, इस पर जाने के बजाय जनता अपने हिसाब से फैसला करती है। उन्होंने यह भी कहा कि यह लाल बिहारी यादव का व्यक्तिगत बयान हो सकता है।

कांग्रेस भी सपा नेता के समर्थन में

कांग्रेस नेता सुरेंद्र राजपूत ने भी सपा MLC के बयान पर बीजेपी के सवाल उठाने पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बीजेपी को दूसरी पार्टियों के नेताओं के बयान पर आपत्ति जताने से पहले अपने नेताओं के बीच चल रही बयानबाजी पर ध्यान देना चाहिए।

बूथ स्तर पर अभियान शुरू करेगी सपा

वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी ने अपना संगठन मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। अखिलेश यादव के ऐलान के बाद पार्टी बूथ स्तर पर अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान के तहत सपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। पार्टी का जोर बूथ मैनेजमेंट, मतदाताओं से सीधा संवाद और संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। चुनाव से पहले सपा अपने जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।

ये भी पढ़ें:

इंजन में खराबी के बाद गोवा लौटी IndiGo की फ्लाइट, यात्रियों में मचा हड़कंप

By admin