सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचना BJP सांसदों को पड़ा भारी

सिख विरोधी दंगों के मामले में दोषी ठहराए गए दिवंगत कांग्रेस नेता सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होना तीन बीजेपी सांसदों के लिए विवाद का कारण बन गया है। पार्टी नेतृत्व ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद कमलजीत सहरावत, रामवीर सिंह बिधूड़ी और योगेंद्र चंदौलिया को फटकार लगाई है।

बताया जा रहा है कि तीनों सांसद हाल ही में सज्जन कुमार की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे थे। इसके बाद उनकी मौजूदगी को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठने लगे। खासकर सिख दंगा पीड़ितों के लिए लंबे समय से कानूनी लड़ाई लड़ने वाले वरिष्ठ वकील एच.एस. फुल्का ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई।

फुल्का ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर तीनों बीजेपी सांसदों के रवैये की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सिख विरोधी दंगों के पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए था, वे सज्जन कुमार के निधन पर संवेदना जताने पहुंच गए। उन्होंने तीनों सांसदों के बहिष्कार की भी मांग की।

विवाद बढ़ने के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी इस मामले पर नाराजगी जताई और तीनों सांसदों को फटकार लगाई। माना जा रहा है कि पार्टी नहीं चाहती कि इस मुद्दे को लेकर बीजेपी की छवि पर किसी तरह का राजनीतिक असर पड़े।

सज्जन कुमार से जुड़े इस विवाद के बीच कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम भी चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले सज्जन कुमार को कथित तौर पर रोल मॉडल बताए जाने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठी थी। यह मांग सिर्फ विपक्षी नेताओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि कांग्रेस के भीतर से भी सवाल उठे।

हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर और कांग्रेस नेता कुलदीप शर्मा ने इस मामले को लेकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखा था। उन्होंने दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।

कुलदीप शर्मा ने पत्र में यह भी कहा था कि दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति से बाहर किया जाना चाहिए। अब एक तरफ बीजेपी के तीन सांसदों के श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है, वहीं दूसरी तरफ सज्जन कुमार को लेकर पहले से जारी राजनीतिक बहस ने इस पूरे मामले को फिर गर्म कर दिया है।

ये भी पढ़ें:

हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा खुलासा, चार शूटरों की पहचान

By admin