कांवड़

सावन का महीना और कांवड़ यात्रा अपने आप में आस्था और भक्ति का बड़ा पर्व है। हर साल कांवड़ यात्रा में शिवभक्त अलग-अलग तरह की कांवड़ लेकर हरिद्वार से अपने शहरों और गांवों की ओर जाते हैं। इस बार मुजफ्फरनगर में एक ऐसी अनोखी कांवड़ देखने को मिली, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

इस कांवड़ में भगवान शिव की प्रतिमा को McLaren जैसी दिखने वाली स्पोर्ट्स कार में विराजमान किया गया है। सड़क से गुजरने वाले कई लोग पहली नजर में इस कार को असली समझ बैठे। बाद में पता चला कि यह करोड़ों रुपये की असली कार नहीं, बल्कि खास तौर पर कांवड़ यात्रा के लिए तैयार की गई डमी स्पोर्ट्स कार है।

7-8 लाख रुपये में तैयार हुई डमी कार

शिवभक्तों के मुताबिक, असली McLaren की कीमत करीब 5 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा हो सकती है। हालांकि, उन्होंने असली कार खरीदने के बजाय उसी तरह दिखने वाली डमी कार तैयार कराई। इसे बनाने में करीब 7 से 8 लाख रुपये खर्च हुए हैं।

डमी कार को इस तरह तैयार किया गया है कि दूर से देखने पर यह बिल्कुल लग्जरी स्पोर्ट्स कार जैसी दिखाई देती है। कार के अंदर भगवान शिव की प्रतिमा को विराजमान किया गया है। मुजफ्फरनगर में जब यह कांवड़ सड़क से गुजरी तो इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

दिल्ली के छह शिवभक्त लेकर निकले कांवड़

यह अनोखी कांवड़ दिल्ली के नवादा गांव के रहने वाले छह शिवभक्त लेकर हरिद्वार से निकले हैं। शिवभक्तों ने 28 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे हरिद्वार की हर की पौड़ी से करीब 40 लीटर गंगाजल उठाया था। अब सभी शिवभक्त इस गंगाजल को लेकर दिल्ली के नवादा गांव स्थित शिव मंदिर पहुंचेंगे। वहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।

ऑफिस में बैठकर आया था अनोखी कांवड़ का आइडिया

कांवड़ यात्रा में शामिल शिवभक्त दीपक शर्मा ने बताया कि इस अनोखी कांवड़ का आइडिया अचानक आया था। सभी छह लोग अपने ऑफिस में बैठे थे और सावन के दौरान कुछ अलग करने के बारे में सोच रहे थे।इसी दौरान एक साथी ने स्पोर्ट्स कार के अंदर भगवान शिव को विराजमान करके कांवड़ यात्रा निकालने का सुझाव दिया। सभी को यह विचार पसंद आया और इसके बाद डमी स्पोर्ट्स कार तैयार कराने का फैसला लिया गया।

परिवार की सुख-शांति के लिए कर रहे यात्रा

दीपक शर्मा के मुताबिक, इस कांवड़ को लेकर उनकी कोई बड़ी मनोकामना नहीं है। उनकी इच्छा है कि उनके परिवार में सुख-शांति बनी रहे और भगवान शिव की कृपा उनके परिवार पर बनी रहे।

ये भी पढ़ें:

By admin