ग्रेटर नोएडा में पिटबुल का हमला, महिला का हाथ बुरी तरह जख्मी

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 स्थित बी-ब्लॉक के एक पार्क में पिटबुल के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला अपने पालतू कुत्ते को टहलाने पार्क पहुंची थी। इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति भी अपने पिटबुल के साथ वहां आया। दोनों कुत्ते आमने-सामने आए तो उनके बीच झगड़ा शुरू हो गया।

महिला ने दोनों कुत्तों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन तभी पिटबुल ने उनके बाएं हाथ को अपने जबड़े में दबोच लिया। महिला दर्द से चीखती रही और पार्क में मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद किसी तरह पिटबुल ने महिला का हाथ छोड़ा।

इस हमले में महिला के हाथ में गंभीर चोट आई और उन्हें करीब 12 टांके लगाने पड़े। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में रोजाना छोटे बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग घूमने आते हैं। ऐसे में खतरनाक नस्ल के कुत्तों को खुले में लाना सभी के लिए जोखिम बन सकता है।

सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई है। पिटबुल के मालिक ने महिला के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही है, इसलिए फिलहाल कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।

इस घटना के बाद आरडब्ल्यूए ने बड़ा फैसला लेते हुए सेक्टर के सभी पार्कों में कुत्तों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसके अलावा बिना मज़ल (Muzzle) के कुत्तों को सार्वजनिक जगहों पर घुमाने वालों पर ₹1,000 का जुर्माना लगाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

ये भी पढ़ें:

By admin