17 साल की तन्वी शर्मा ने रचा इतिहास

भारतीय बैडमिंटन की युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ताइपे ओपन 2026 का महिला एकल (Women’s Singles) खिताब जीत लिया है। सिर्फ 17 साल की तन्वी ने फाइनल में वियतनाम की थुई लिन्ह गुयेन को 21-16, 21-16 से हराकर अपना पहला BWF वर्ल्ड टूर सुपर-300 खिताब जीता। इस जीत के साथ तन्वी शर्मा साइना नेहवाल के बाद ताइपे ओपन महिला एकल का खिताब जीतने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। साइना ने यह खिताब साल 2008 में जीता था। यानी भारत का 17 साल का इंतजार अब खत्म हो गया है।

फाइनल में दिखाया शानदार खेल

फाइनल मुकाबला सिर्फ 36 मिनट तक चला। पहले गेम में तन्वी ने शानदार नेट प्ले, बेहतरीन ड्रॉप शॉट्स और दमदार स्मैश की मदद से 21-16 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में वियतनाम की खिलाड़ी ने 3-0 की बढ़त बनाई, लेकिन तन्वी ने शानदार वापसी करते हुए लगातार अंक जुटाए और दूसरा गेम भी 21-16 से अपने नाम कर लिया।

भारतीय बैडमिंटन की नई उम्मीद

तन्वी शर्मा की इस जीत को भारतीय बैडमिंटन के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। जिस तरह 2008 में साइना नेहवाल की जीत ने भारतीय महिला बैडमिंटन को नई पहचान दिलाई थी, उसी तरह अब तन्वी शर्मा से भी भविष्य में बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं।

पहले भी बना चुकी हैं कई रिकॉर्ड

पंजाब की रहने वाली तन्वी शर्मा पिछले दो साल से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। वह विश्व जूनियर रैंकिंग में नंबर-1 रह चुकी हैं। इसके अलावा वह विश्व जूनियर चैंपियनशिप के एक ही संस्करण में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी भी हैं। पिछले साल यूएस ओपन सुपर-300 के फाइनल में हारने के बाद इस बार उन्होंने खिताब जीतकर शानदार वापसी की।

कोच को पहनाया गोल्ड मेडल

मैच के बाद मेडल सेरेमनी का एक भावुक पल भी देखने को मिला। तन्वी ने अपना गोल्ड मेडल उतारकर अपने कोच पार्क ताए-सांग के गले में पहना दिया। पार्क ताए-सांग वही कोच हैं जिन्होंने भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को भी ट्रेनिंग दी थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस तन्वी के इस भावुक अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:

गर्लफ्रेंड माहिका संग तिरुपति पहुंचे हार्दिक पंड्या, मुंडन वाले नए लुक ने खींचा सबका ध्यान

By admin