अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने अपने दो सबसे बड़े टूर्नामेंट, वनडे विश्व कप और टी20 विश्व कप के फॉर्मेट में बड़े बदलावों को मंजूरी दे दी है। एडिनबर्ग में हुई ICC बोर्ड की वार्षिक बैठक में इन बदलावों पर सहमति बनी। ICC का कहना है कि नए फॉर्मेट का मकसद हर मैच को ज्यादा अहम, प्रतिस्पर्धी और रोमांचक बनाना है, ताकि टूर्नामेंट की शुरुआत से लेकर फाइनल तक हर मुकाबले का महत्व बना रहे। इसके साथ ही 2028 पुरुष टी20 विश्व कप के लिए नया क्वालिफिकेशन सिस्टम भी मंजूर किया गया है। वहीं, एसोसिएट देशों के लिए 16 टीमों वाले नए वैश्विक टी20 टूर्नामेंट के प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है।
ODI World Cup में क्या बदला?
वनडे विश्व कप में पहले की तरह 14 टीमें ही हिस्सा लेंगी, लेकिन अब टूर्नामेंट तीन चरणों में खेला जाएगा। सबसे पहले रैंकिंग में 12वें, 13वें और 14वें स्थान पर रहने वाली टीमें ‘सुपर सीरीज’ खेलेंगी। इस सीरीज की विजेता टीम अगले चरण में पहुंचेगी। इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा, जिनमें प्रत्येक ग्रुप में छह-छह टीमें होंगी। दोनों ग्रुप से शीर्ष तीन-तीन टीमें और दोनों ग्रुप की अगली सर्वश्रेष्ठ टीम मिलाकर कुल सात टीमें ‘सुपर-7’ चरण में पहुंचेंगी।
सुपर-7 में सभी सात टीमें एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार टीमों को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा। पहला स्थान पाने वाली टीम चौथे स्थान की टीम से और दूसरे स्थान वाली टीम तीसरे स्थान की टीम से भिड़ेगी। इसके बाद विजेता टीमें फाइनल खेलेंगी।
पुराने और नए फॉर्मेट में अंतर
पहले विश्व कप में दो ग्रुप से शीर्ष तीन टीमें सुपर-6 में पहुंचती थीं। अब इसकी जगह सुपर-7 होगा। इसके अलावा ग्रुप चरण से पहले नई सुपर सीरीज जोड़ी गई है, जिससे टूर्नामेंट का पहला मुकाबला भी बेहद महत्वपूर्ण हो जाएगा।
T20 World Cup में अब होगा Super-10
ICC ने टी20 विश्व कप का फॉर्मेट भी बदल दिया है। अब पहले की तरह चार ग्रुप में पांच-पांच टीमें नहीं होंगी। इसकी जगह पांच ग्रुप होंगे और हर ग्रुप में चार टीमें खेलेंगी। प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी।
दूसरे चरण में अब सुपर-8 की जगह सुपर-10 होगा। इसमें कुल 10 टीमें दो ग्रुप में बांटी जाएंगी और हर ग्रुप में पांच-पांच टीमें होंगी। इससे पहले के मुकाबले ज्यादा टीमों को अगले चरण में खेलने का मौका मिलेगा।
सेमीफाइनल से पहले होंगे एलिमिनेटर मुकाबले
नए फॉर्मेट के तहत दोनों ग्रुप की शीर्ष टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। वहीं, दोनों ग्रुप की दूसरे और तीसरे स्थान वाली टीमें आपस में एलिमिनेटर मुकाबले खेलेंगी। इन मैचों के विजेता बाकी दो सेमीफाइनल स्थान हासिल करेंगे। ICC का मानना है कि इससे सुपर-10 चरण के आखिरी मुकाबलों तक रोमांच बना रहेगा।
2028 T20 World Cup के लिए नया क्वालिफिकेशन सिस्टम
ICC ने 2028 पुरुष टी20 विश्व कप के लिए नया क्वालिफिकेशन सिस्टम भी मंजूर किया है। 2026 टी20 विश्व कप में खेलने वाली कुछ टीमें सीधे ग्लोबल क्वालिफायर में पहुंचेंगी, जबकि बाकी स्थान क्षेत्रीय क्वालिफायर के जरिए भरे जाएंगे। अफ्रीका, एशिया और यूरोप से दो-दो टीमें तथा अमेरिका और ईस्ट एशिया-प्रशांत क्षेत्र से एक-एक टीम ग्लोबल क्वालिफायर में पहुंचेगी। यहां से प्रत्येक क्षेत्र की शीर्ष टीम और कुल मिलाकर तीन सर्वश्रेष्ठ टीमें विश्व कप के लिए क्वालिफाई करेंगी।
एसोसिएट देशों को मिलेगा बड़ा मंच
ICC ने एसोसिएट सदस्य देशों के लिए 16 टीमों वाले नए वैश्विक टी20 टूर्नामेंट के प्रस्ताव का भी समर्थन किया है। इस प्रतियोगिता को टी20 विश्व कप से पहले आयोजित करने की योजना है, ताकि उभरती क्रिकेट टीमों को बड़े मंच पर खेलने का अवसर मिल सके। हालांकि, इस टूर्नामेंट को अंतिम मंजूरी नवंबर में होने वाली ICC की वित्त एवं वाणिज्यिक मामलों की समिति की समीक्षा के बाद मिलेगी।
ICC का उद्देश्य क्या है?
ICC का कहना है कि इन सभी बदलावों का मकसद विश्व क्रिकेट को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना है। नए फॉर्मेट से हर मुकाबला महत्वपूर्ण होगा, बड़ी टीमों के साथ-साथ उभरती टीमों को भी खुद को साबित करने का बेहतर मौका मिलेगा और दर्शकों को पहले से ज्यादा रोमांचक क्रिकेट देखने को मिलेगा।
