उत्तर प्रदेश के नोएडा के ममूरा गांव में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग उस समय लगी जब ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में चार्जिंग पर लगी एक इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी में स्पार्क हुआ। देखते ही देखते आग ने आसपास खड़े पेट्रोल से चलने वाले वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया और पूरे भवन में धुआं फैल गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि इमारत में फंसे करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना फेज-3 थाना क्षेत्र के ममूरा गांव स्थित एक जी+4 इमारत में हुई। पार्किंग में लगी आग के कारण सीढ़ियों और लॉबी में तेजी से धुआं भर गया, जिससे इमारत में रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही फायर विभाग की सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान धुएं के कारण दो लोगों की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
पुलिस ने बताया कि इस इमारत में लगभग 50 परिवार रहते थे। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी में चार्जिंग के दौरान हुई स्पार्किंग मानी जा रही है। मामले में कार्रवाई करते हुए मकान मालिक या लीज धारक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने और पूरे मामले की लगातार निगरानी करने के आदेश भी दिए हैं।
