बिहार के सहरसा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां निकाह के बाद दावत के दौरान खाने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि शादी का माहौल देखते ही देखते हिंसा में बदल गया जानकारी के मुताबिक, सिमरी बख्तियारपुर से बारात महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव पहुंची थी। गुरुवार दोपहर निकाह की रस्में शांतिपूर्वक पूरी हुईं। इसके बाद मेहमानों के लिए दावत शुरू की गई।
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उन्हें पहले बताया गया था कि खाने में मटन (खस्सी) परोसा जाएगा। लेकिन जब बाराती भोजन करने बैठे तो उन्हें चिकन परोसा गया। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडे चलने से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस झड़प में दूल्हा पक्ष के सात से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। दूल्हे के चाचा का आरोप है कि खाने को लेकर सवाल उठाने पर लड़की पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। वहीं, इस मामले में लड़की पक्ष की ओर से अभी तक कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें शादी का समारोह अचानक हंगामे और मारपीट में बदलता दिखाई दे रहा है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
